Greater Noida West: कासा ग्रीन्स-1 सोसाइटी की 15वीं मंजिल से गिरा प्लास्टर, बड़ा हादसा टला
ग्रेटर नोएडा वेस्ट की कासा ग्रीन्स-1 सोसाइटी में एक टॉवर की 15वीं मंजिल से प्लास्टर गिरने का मामला सामने आया है। राहत की बात यह रही कि घटना के समय नीचे कोई मौजूद नहीं था, जिससे बड़ा हादसा टल गया। हालांकि इस घटना के बाद सोसाइटी के निवासियों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।
स्थानीय लोगों के मुताबिक टॉवर ए-9 की 15वीं मंजिल से अचानक प्लास्टर नीचे आ गिरा। यदि उस समय नीचे कोई व्यक्ति या वाहन गुजर रहा होता तो गंभीर दुर्घटना हो सकती थी।
कासा ग्रीन्स-1 सोसाइटी में कुल नौ टॉवर हैं, जिनमें लगभग 850 फ्लैट और करीब 840 परिवार रहते हैं। बड़ी संख्या में लोग प्रतिदिन टावरों के नीचे से गुजरते हैं। घटना के बाद लोगों में भय का माहौल है और वे टावरों के नीचे से गुजरने में भी असहज महसूस कर रहे हैं।
निवासियों ने सोसाइटी प्रबंधन और संबंधित अधिकारियों से पूरे परिसर का तकनीकी निरीक्षण कराने तथा जहां भी प्लास्टर या भवन की स्थिति कमजोर हो, वहां तत्काल मरम्मत कराने की मांग की है ताकि भविष्य में किसी बड़े हादसे से बचा जा सके।
