Greater Noida West Society: अजनारा होम्स में तीन दिन से नहीं उठा कूड़ा, लिफ्ट बंद रहने से निवासी परेशान
ग्रेटर नोएडा वेस्ट की अजनारा होम्स सोसाइटी में मेंटेनेंस व्यवस्था को लेकर निवासियों की नाराजगी बढ़ती जा रही है। लोगों ने प्रबंधन से मेंटेनेंस शुल्क का विस्तृत हिसाब उपलब्ध कराने और शुल्क के बदले मिलने वाली सुविधाओं की स्थिति स्पष्ट करने की मांग की है। निवासियों का आरोप है कि सोसाइटी में कई जरूरी सुविधाएं प्रभावित हैं, इसके बावजूद उनसे संबंधित शुल्क वसूला जा रहा है। इसी बीच पिछले तीन दिनों से कूड़ा नहीं उठने और ओ टावर की लिफ्ट तीन दिन तक बंद रहने का मामला भी सामने आया है।
निवासियों के मुताबिक, ई और एम टावर की लिफ्ट में हाल ही में एक व्यक्ति के फंसने की घटना भी हुई थी। इन घटनाओं के बाद सोसाइटी में लिफ्ट संचालन और रखरखाव को लेकर सवाल उठ रहे हैं। लोगों का कहना है कि रोजमर्रा की बुनियादी सुविधाएं सुचारु रूप से उपलब्ध कराना प्रबंधन की जिम्मेदारी है, लेकिन मौजूदा स्थिति के कारण उन्हें परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
निवासी दिनकर पांडेय ने बताया कि मेंटेनेंस शुल्क का भुगतान नहीं करने वाले सभी निवासियों के कारण एक जैसे नहीं हैं। कुछ लोगों को बिल में शामिल शुल्कों और उनके बदले मिलने वाली सुविधाओं की उपलब्धता पर आपत्ति है। उनका कहना है कि निवासियों को यह स्पष्ट जानकारी मिलनी चाहिए कि उनसे किस मद में कितनी राशि ली जा रही है और उसके बदले कौन-कौन सी सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।
निवासियों ने आरोप लगाया कि सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) के ठीक से काम नहीं करने, अग्निशमन उपकरणों की कमी और डीजी सेट का इस्तेमाल नहीं होने के बावजूद संबंधित शुल्क मांगे जा रहे हैं। इसके अलावा बिल में न्यूनतम उपयोग शुल्क जोड़े जाने पर भी सवाल उठाए गए हैं। लोगों का कहना है कि जब सुविधाएं पूरी तरह उपलब्ध नहीं हैं, तो शुल्क की गणना में इन स्थितियों को ध्यान में रखा जाना चाहिए।
सोसाइटी के कॉमन एरिया के निर्माण को लेकर भी निवासियों ने आपत्ति जताई है। उनका आरोप है कि कई हिस्सों का निर्माण अधूरा होने के बावजूद पूरे क्षेत्र के आधार पर मेंटेनेंस शुल्क लिया जा रहा है। निवासियों ने प्रबंधन से शुल्क का मदवार और विस्तृत ब्योरा जारी करने की मांग की है। साथ ही, अधूरे हिस्सों और उपलब्ध सुविधाओं के अनुपात में शुल्क निर्धारित करने की अपील की है।
निवासियों का कहना है कि कूड़ा उठाने, लिफ्ट संचालन और अन्य जरूरी सुविधाओं से जुड़ी समस्याओं का जल्द समाधान किया जाना चाहिए। मेंटेनेंस शुल्क और सुविधाओं को लेकर पारदर्शिता सुनिश्चित करने के साथ ही सोसाइटी की व्यवस्था में सुधार की मांग भी तेज हो रही है।

