Greater Noida Police Encounter: बिसरख में मुठभेड़ के बाद दो शातिर चोर गिरफ्तार, पैर में गोली लगने से घायल हुआ जीतू
ग्रेटर नोएडा के बिसरख कोतवाली क्षेत्र में बंद फ्लैटों और सूने मकानों को निशाना बनाने वाले अंतरराज्यीय नकबजन गिरोह के साथ पुलिस की देर रात मुठभेड़ हो गई। रोजा याकूबपुर क्षेत्र में हुई इस भीषण मुठभेड़ में पुलिस की जवाबी फायरिंग में एक शातिर बदमाश के पैर में गोली लग गई, जिसे घायल अवस्था में दबोच लिया गया, जबकि उसके दूसरे साथी को घेराबंदी कर कॉम्बिंग ऑपरेशन के दौरान गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने पकड़े गए आरोपियों के कब्जे से चोरी किए गए लाखों रुपये के सोने-चांदी के पुश्तैनी आभूषण, 11,450 रुपये की नकद रकम, एक मोटरसाइकिल, तीन मोबाइल फोन और ताला तोड़ने वाले भारी उपकरण बरामद किए हैं।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, 22 अक्टूबर की देर रात बिसरख पुलिस की टीम रोजा गोलचक्कर के पास संदिग्ध वाहनों की सघन चेकिंग कर रही थी। उसी दौरान छपरौला रेलवे ओवरब्रिज की तरफ से एक संदिग्ध होंडा शाइन बाइक पर सवार होकर दो युवक आते दिखाई दिए। पुलिस ने जब उन्हें रुकने का इशारा किया, तो वे बाइक मोड़कर सर्विस रोड की तरफ तेजी से भागने लगे। पुलिस टीम ने पीछा किया तो रोजा याकूबपुर के 6 प्रतिशत पार्क के पास बदमाशों की बाइक फिसल गई। खुद को घिरता देख बदमाशों ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी और जंगल की ओर भागे। पुलिस की आत्मरक्षा में की गई जवाबी गोलीबारी में 38 वर्षीय जितेंद्र उर्फ जीतू के पैर में गोली लगी और वह गिर पड़ा, जबकि उसका साथी पिंटू अंधेरे का फायदा उठाकर झाड़ियों में छिप गया, जिसे अतिरिक्त पुलिस बल ने कॉम्बिंग कर पकड़ लिया।
पूछताछ में आरोपियों ने बिसरख क्षेत्र में हाल ही में की गई दो बड़ी चोरियों का खुलासा किया। उन्होंने 27 अगस्त को सीएचसी बिसरख परिसर में स्थित एक सरकारी फ्लैट का ताला तोड़कर आभूषण चुराने और 13 अक्टूबर को रोजा जलालपुर की एक कॉलोनी में बंद मकान से नकदी व गहने उड़ाने की बात कबूल की। पकड़े गए दोनों आरोपी मूल रूप से मैनपुरी के रहने वाले हैं और वर्तमान में नोएडा व दिल्ली के जय विहार में किराए पर रहकर वारदातों को अंजाम देते थे। जितेंद्र के खिलाफ दिल्ली और उत्तर प्रदेश के विभिन्न थानों में चोरी, लूट और गैंगस्टर एक्ट के दर्जनों संगीन मामले दर्ज हैं। पुलिस ने आरोपियों के पास से मंगलसूत्र, हार, अंगूठियां, झुमकी, पायल, कमरबंद, चार कड़े, हथौड़ा, प्लास और छैनी बरामद कर दोनों को जेल भेज दिया है।






पाठकों की राय