Greater Noida Road: निराला ग्रीनशायर की सड़क का पैचवर्क दो महीने में उखड़ा, निवासियों ने उठाए सवाल

Greater Noida Road: निराला ग्रीनशायर की सड़क का पैचवर्क दो महीने में उखड़ा, निवासियों ने उठाए सवाल

नोएडा। निराला ग्रीनशायर सोसाइटी के बाहर सड़क की बदहाली से निवासी परेशान हैं। सड़क पर जगह-जगह गहरे गड्ढे और उखड़ी सतह वाहन चालकों के लिए खतरा बनी हुई है। करीब आठ महीने तक शिकायतों के बाद प्राधिकरण ने सड़क पर पैचवर्क कराया था, लेकिन यह मरम्मत भी दो महीने तक नहीं टिक पाई। ऐसे में सड़क की गुणवत्ता और मरम्मत कार्य पर सवाल उठ रहे हैं। निवासी कपिल ने बताया कि सड़क की समस्या को लेकर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर लगातार शिकायतें की गईं। इसके बाद प्राधिकरण की ओर से पैचवर्क कराया गया, लेकिन कुछ ही समय में सड़क फिर बदहाल हो गई।

लोगों का कहना है कि अस्थायी मरम्मत के बजाय सड़क का स्थायी समाधान किया जाना चाहिए, जिससे बार-बार गड्ढे बनने की समस्या से निजात मिल सके। लोगों का कहना है कि गड्ढों के कारण वाहन चालकों को परेशानी उठानी पड़ रही है और हादसों की आशंका भी बनी हुई है। लोगों ने ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण से सड़क का निरीक्षण कराने, पहले कराए गए पैचवर्क की गुणवत्ता की जांच करने और तकनीकी मानकों के अनुरूप स्थायी निर्माण कराने की मांग की है। साथ ही जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही तय करने की भी मांग उठाई है।

मरम्मत के थोड़े समय बाद ही सड़क उखड़ने से निवासियों के सामने दोबारा वही परेशानी खड़ी हो गई है। लोगों का कहना है कि ऐसी स्थिति में केवल गड्ढे भरने के बजाय सड़क की समग्र स्थिति और मरम्मत पद्धति की जांच जरूरी है।

निवासियों ने संबंधित प्राधिकरण से मांग की है कि सड़क की तकनीकी जांच कराई जाए और गुणवत्ता से जुड़ी शिकायतों का निस्तारण हो। स्थायी निर्माण होने तक सड़क का उपयोग करने वालों की सुरक्षा को लेकर चिंता बनी हुई है।

Hot this week

Topics

spot_img

Related Articles

Popular Categories

spot_imgspot_img