Encounter: ग्रेटर नोएडा में मुठभेड़ के बाद दो बदमाश गिरफ्तार, एक के पैर में लगी गोली; चोरी की R-15 बरामद
नोएडा। ग्रेटर नोएडा के रबूपुरा क्षेत्र में शनिवार देर रात पुलिस और बाइक सवार दो बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। कार्गो टी-पॉइंट पर संदिग्ध वाहनों की चेकिंग के दौरान पुलिस ने बाइक सवार युवकों को रोकने का प्रयास किया, लेकिन दोनों ने भागने की कोशिश की। कुछ दूरी पर बाइक अनियंत्रित होकर गिरने के बाद पीछे बैठे बदमाश ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें एक बदमाश के पैर में गोली लग गई। वहीं, पुलिस ने कॉम्बिंग अभियान चलाकर उसके साथी को भी गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के मुताबिक, शनिवार रात करीब 12 बजे कार्गो टी-पॉइंट पर वाहनों की चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान बाइक पर सवार दो संदिग्ध युवक पुलिस को दिखाई दिए। पुलिस ने उन्हें रुकने का इशारा किया, लेकिन दोनों बाइक मोड़कर फरार होने लगे। कुछ दूर जाने के बाद बाइक अनियंत्रित होकर गिर गई। इसके बाद पीछे बैठे बदमाश ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें एक बदमाश घायल हो गया।
घायल बदमाश की पहचान रबूपुरा क्षेत्र के मुरादगढ़ी निवासी बंटी उर्फ मलिंगा (34) के रूप में हुई है। उसके कब्जे से .315 बोर का तमंचा, एक खोखा और एक जिंदा कारतूस बरामद किया गया। पुलिस ने घायल बंटी को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है।
कॉम्बिंग के दौरान साथी भी गिरफ्तार
मुठभेड़ के बाद पुलिस टीम ने आसपास के इलाके में कॉम्बिंग अभियान चलाया। इस दौरान बंटी के साथी बबलू (32) को भी गिरफ्तार कर लिया गया। उसके कब्जे से .315 बोर का तमंचा और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ। पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ कर उनके आपराधिक रिकॉर्ड की जानकारी जुटा रही है।
गुरुग्राम से चोरी की गई थी बाइक
पुलिस के अनुसार, आरोपियों के कब्जे से बरामद यामाहा R-15 बाइक चोरी की है। जांच में सामने आया कि बाइक के संबंध में गुरुग्राम के सुशांत लोक ईस्ट जोन थाने में चोरी का मुकदमा दर्ज है। पुलिस अब बाइक चोरी की घटना के संबंध में भी दोनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है।
12 अगस्त को दो युवकों को गोली मारने का भी आरोप
पुलिस का कहना है कि बंटी और बबलू पर 12 अगस्त की रात अपने गांव के ही दो युवकों को गोली मारकर घायल करने का भी आरोप है। पुलिस इस मामले में भी दोनों की भूमिका की जांच कर रही है। दोनों आरोपियों के पुराने आपराधिक रिकॉर्ड खंगाले जा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि पूछताछ और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।


