उत्तर प्रदेशराज्य

Greater Noida Crime: पैरामाउंट गोल्फ फॉरेस्ट लूटकांड का खुलासा, पुलिस मुठभेड़ में 2 बदमाश घायल, 4 गिरफ्तार

Greater Noida Crime: पैरामाउंट गोल्फ फॉरेस्ट लूटकांड का खुलासा, पुलिस मुठभेड़ में 2 बदमाश घायल, 4 गिरफ्तार

नोएडा। ग्रेटर नोएडा के सूरजपुर थाना क्षेत्र में रविवार सुबह पुलिस और कार सवार लुटेरों के बीच हुई मुठभेड़ में दो बदमाश गोली लगने से घायल हो गए, जबकि उनके दो अन्य साथियों को कॉम्बिंग अभियान के दौरान गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार किए गए चारों आरोपी 5 जुलाई को पैरामाउंट गोल्फ फॉरेस्ट सोसाइटी में हुई लाखों रुपये की लूट की वारदात में शामिल थे।

पुलिस ने बताया कि 5 जुलाई को बदमाशों ने पैरामाउंट गोल्फ फॉरेस्ट सोसाइटी के एक विला में घुसकर महिला को बंधक बना लिया था। इसके बाद घर से करीब 15 लाख रुपये कीमत की ज्वेलरी और नकदी लूटकर फरार हो गए थे। घटना के बाद पूरे जिले में सनसनी फैल गई थी और पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कई टीमें गठित की थीं।

पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह के निर्देश पर डीसीपी शैलेंद्र सिंह के नेतृत्व में गठित टीमों को रविवार सुबह सूचना मिली कि कुछ संदिग्ध तिलपता गोलचक्कर के पास मौजूद हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने इलाके की घेराबंदी की। खुद को घिरता देख बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी।

पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें दो बदमाशों के पैर में गोली लगी। घायल आरोपियों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि दो अन्य बदमाशों को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटी गई ज्वेलरी, नकदी, अवैध तमंचे, कारतूस और वारदात में इस्तेमाल की गई कार बरामद की है। पुलिस अब आरोपियों के आपराधिक रिकॉर्ड और अन्य वारदातों में उनकी संलिप्तता की भी जांच कर रही है।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि इस पूरे मामले का विस्तृत खुलासा करने के लिए रविवार दोपहर प्रेस वार्ता आयोजित की जाएगी, जिसमें गिरफ्तार आरोपियों और बरामदगी से जुड़ी विस्तृत जानकारी साझा की जाएगी।

 

Related Articles

Back to top button