Greater Noida Crime: स्कॉर्पियो की छत पर चढ़कर स्टंट करने वाला युवक गिरफ्तार, कार जब्त
नोएडा। ग्रेटर नोएडा में सड़क पर खतरनाक स्टंट करना एक युवक को भारी पड़ गया। नॉलेज पार्क थाना पुलिस ने सोशल मीडिया पर स्टंट का वीडियो वायरल होने के बाद आरोपी कार चालक को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने उसकी स्कॉर्पियो कार को भी मोटर व्हीकल एक्ट के तहत जब्त कर लिया है। आरोपी पर नॉलेज पार्क-2 इलाके में सार्वजनिक सड़क पर स्टंट कर दूसरे लोगों के लिए परेशानी पैदा करने का आरोप है।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी की पहचान अमन यादव के रूप में हुई है। करीब 21 वर्षीय अमन गौतमबुद्धनगर के बहलोलपुर का निवासी है। आरोप है कि रविवार रात वह अपनी स्कॉर्पियो कार लेकर नॉलेज पार्क-2 पहुंचा था, जहां उसने सड़क पर खतरनाक स्टंट किए। बताया गया कि वह कार में तेज आवाज में गाना बजाते हुए उसकी छत पर चढ़कर नाचने लगा। इस दौरान सड़क पर चल रहे अन्य लोगों को परेशानी हुई और यातायात की सुरक्षा को लेकर भी खतरा पैदा हुआ।
आरोप है कि अमन ने अपनी स्कॉर्पियो को घुमाकर भी स्टंट किया। इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने मामले का संज्ञान लिया और आरोपी की पहचान कर उसकी तलाश शुरू की। इसके बाद नॉलेज पार्क थाना पुलिस ने मंगलवार को सेक्टर-151 के पास से अमन यादव को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने स्टंट में इस्तेमाल की गई स्कॉर्पियो कार को भी जब्त कर लिया है।
पुलिस का कहना है कि सार्वजनिक सड़कों पर इस तरह की स्टंटबाजी से वाहन चालक के साथ-साथ अन्य राहगीरों की सुरक्षा भी खतरे में पड़ सकती है। सोशल मीडिया पर वीडियो बनाकर लोकप्रियता हासिल करने के लिए सड़क पर खतरनाक गतिविधियां करना नियमों का उल्लंघन है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सड़क पर स्टंट करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल आरोपी के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।


