उत्तर प्रदेशराज्य

Greater Noida: स्कूल बस का इंतजार कर रहे बच्चों को कार ने मारी टक्कर, 3 बच्चे समेत 4 घायल

Greater Noida: स्कूल बस का इंतजार कर रहे बच्चों को कार ने मारी टक्कर, 3 बच्चे समेत 4 घायल

ग्रेटर नोएडा वेस्ट के बिसरख क्षेत्र स्थित पंचशील ग्रीन-2 सोसायटी के बाहर बुधवार सुबह एक तेज रफ्तार कार ने स्कूल बस का इंतजार कर रहे बच्चों को टक्कर मार दी। हादसे में तीन स्कूली बच्चे और एक महिला घायल हो गए। सभी घायलों को अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें छुट्टी दे दी गई।

प्रारंभिक जांच में सामने आया कि कार चला रही महिला सोसायटी से बच्चों को स्कूल छोड़ने के लिए निकल रही थी। गेट से बाहर आते समय उसने कथित तौर पर ब्रेक की जगह एक्सीलरेटर दबा दिया, जिससे कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़ी स्कूटी से टकरा गई। टक्कर के बाद स्कूटी बच्चों पर जा गिरी और अफरा-तफरी मच गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे के बाद कार चालक महिला मौके से फरार हो गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत घायलों को अस्पताल पहुंचाया। सोसायटी के निवासियों ने आरोप लगाया कि हादसे के समय चालक का ध्यान मोबाइल फोन पर था, हालांकि पुलिस ने अभी इसकी पुष्टि नहीं की है।

बिसरख थाना प्रभारी मुनेंद्र सिंह ने बताया कि पूरे मामले की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। स्थानीय लोगों ने स्कूल समय के दौरान ट्रैफिक नियंत्रण, स्पीड ब्रेकर और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।

Related Articles

Back to top button