Private Photos Viral: दोस्ती तोड़ने पर युवती के निजी फोटो-वीडियो वायरल, आरोपी गिरफ्तार
नोएडा। सेक्टर-49 थाना क्षेत्र में एक युवती ने दोस्ती खत्म की तो आरोपी युवक ने कथित तौर पर उसके निजी फोटो और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर दिए। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
सीतामढ़ी, बिहार निवासी युवती वर्तमान में बरौला गांव में अपने परिवार के साथ रहती है। उसने पुलिस को बताया कि कुछ समय पहले उसकी मुलाकात बलिया के दामोदरपुर निवासी मथुरा पांडे से हुई थी। दोनों के बीच बातचीत होने लगी और वे एक-दूसरे से मिलने भी लगे।
पीड़िता के अनुसार, इसी दौरान आरोपी ने उसके निजी फोटो और वीडियो अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड कर लिए। पिछले दिनों दोनों के बीच विवाद हुआ और युवती ने उससे संबंध खत्म करने का फैसला किया।
आरोप है कि 24 जुलाई को अलग होने की बात से नाराज युवक ने युवती के निजी फोटो और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर दिए। युवती ने आरोपी को समझाने का प्रयास किया, लेकिन उसने बात नहीं मानी। घटना के बाद पीड़िता और उसका परिवार मानसिक रूप से परेशान है।
पुलिस ने शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। मामले में आगे की जांच की जा रही है।


