घर से एक लाख की नकदी और जेवरात चोरी

अमर सैनी

नोएडा। ईकोटेक 3 थाना क्षेत्र के तुस्याना गांव में रविवार सुबह चोरों ने एक घर में घुसकर एक लाख की नकदी और सोने-चांदी के जेवरात चोरी कर लिए। चोरी की वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई।पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। आशंका है कि वारदात में परिवार का ही कोई करीबी शामिल है।

तुस्याना गांव में जगरात राम अपने परिवार के साथ रहते हैं। उन्होंने बताया कि परिवार के सदस्य घर के अंदर सो रहे थे। सुबह करीब साढ़े चार बजे दो अलग-अलग मोटरसाइकिलों पर तीन युवक घर के बाहर पहुंचे। उनमें से एक मोटरसाइकिल से उतरकर घर में घुस गया। दो अन्य बाहर इंतजार कर रहे थे। महज पांच मिनट में चोरी की वारदात को अंजाम देकर चोर मौके से फरार हो गए। सुबह पीड़ितों को घर में चोरी की जानकारी हुई। जगत राम ने बताया कि चोरों ने घर में रखे एक लाख रुपये और सोने-चांदी के जेवरात चोरी कर लिए। उन्होंने कुछ समय पहले ही जमीन बेची थी। एक लाख को छोड़कर बाकी सारे पैसे बैंक में जमा करा दिए थे। सीसीटीवी कैमरे में कैद चोरों के हाव-भाव देखकर अंदाजा लगाया जा रहा है कि उन्हें घर में पैसों के बारे में पहले से पता था। आशंका है कि चोरी किसी करीबी ने ही की है। ईकोटेक 3 थाना प्रभारी धर्मेंद्र शुक्ला ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।

Hot this week

Topics

spot_img

Related Articles

Popular Categories

spot_imgspot_img