Food Department Raid: ग्रेटर नोएडा में 16 ई-कॉमर्स वेयरहाउसों को मिला नोटिस, गंदगी मिलने पर जेप्टो का कोल्ड रूम कराया गया बंद
त्योहारी सीजन के मद्देनजर खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की टीम ने ग्रेटर नोएडा और नोएडा के विभिन्न क्षेत्रों में संचालित बड़े ई-कॉमर्स वेयरहाउसों और क्विक-कॉमर्स डार्क स्टोर्स पर दो दिवसीय व्यापक छापेमारी अभियान चलाया। इस सघन जांच के दौरान भारी पैमाने पर भंडारण संबंधी अनियमितताएं, साफ-सफाई की बदहाली और कानूनी अभिलेखों का अभाव पाया गया, जिसके चलते विभाग ने 16 प्रमुख वेयरहाउसों और स्टोर संचालकों को कारण बताओ नोटिस थमा दिए हैं। सभी को 15 दिनों के भीतर व्यवस्था दुरुस्त करने की सख्त हिदायत दी गई है और ऐसा न करने पर उनके खाद्य लाइसेंस रद्द करने की चेतावनी दी गई है। सेक्टर-135 नोएडा स्थित जेप्टो (Zepto) स्टोर के कोल्ड रूम में भीषण गंदगी और अव्यवस्था पाए जाने पर विभाग ने तत्काल प्रभाव से उसका संचालन बंद करवा दिया।
सहायक आयुक्त (खाद्य-2) सर्वेश मिश्रा ने बताया कि दिवाली पर ऑनलाइन ग्रॉसरी और गिफ्टिंग की बढ़ती मांग को देखते हुए कुल 18 ठिकानों पर अचानक जांच की गई। ग्रेटर नोएडा के इकोटेक-तीन स्थित बिग बास्केट और ब्लिंकिट के बड़े वेयरहाउसों के साथ-साथ जोमैटो हाइपरमार्ट में भी स्वच्छता के मानकों का खुला उल्लंघन मिला। दादरी में स्विग्गी और जोमैटो के केंद्रों से पनीर का नमूना लेकर लैब भेजा गया। वहीं सूरजपुर स्थित ब्लिंकिट स्टोर से मूंगफली के दाने और मथुरापुर स्थित पीजेटीजे टेक्नोलॉजी से तिल के तेल के नमूने जांच के लिए उठाए गए।
जांच अधिकारियों ने बताया कि जियो मार्ट, अमेजन, स्विग्गी डार्क स्टोर्स समेत अधिकांश केंद्रों पर कर्मचारियों के मेडिकल फिटनेस सर्टिफिकेट, अनिवार्य पेस्ट कंट्रोल रिपोर्ट और एक्सपायरी उत्पादों को हटाने संबंधी मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) के दस्तावेज मौके पर उपलब्ध ही नहीं थे, जिससे उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य से खिलवाड़ की पुष्टि होती है।





