Bulandshahar (अवनीश त्यागी) : बुलंदशहर में बुधवार को सदर विधायक प्रदीप चौधरी के नेतृत्व में अन्नदाता किसान सम्मान संकल्प ट्रैक्टर रैली निकाली गई। गंगानगर से विधायक और बुजुर्गों ने हरी झंडी दिखाकर रैली को रवाना किया। इस रैली में सैकड़ों ट्रैक्टरों के साथ हजारों किसान और क्षेत्रवासी शामिल हुए।
रैली के दौरान आयोजित कार्यक्रम में विधायक प्रदीप चौधरी ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की प्रशंसा करते हुए उन्हें कलयुग का हनुमान बताया। उन्होंने कहा कि सीएम योगी हम सबके दुख हरने वाले हैं और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में डबल इंजन की सरकार प्रदेश और देश हित में लगातार काम कर रही है।
विधायक ने कहा कि पिछले नौ वर्षों में किसानों के लिए किसान सम्मान निधि और पांच लाख रुपये तक के किसान बीमा जैसी योजनाएं चलाई गई हैं। प्रदेश में नौ लाख युवाओं को नौकरियां दी गई हैं और सुशासन का रामराज कायम है। उन्होंने दावा किया कि 2027 में भाजपा एक बार फिर पूर्ण बहुमत से सरकार बनाएगी।
समाजवादी पार्टी पर निशाना साधते हुए विधायक ने आरोप लगाया कि सपा सरकार के समय गुंडों और माफिया का दबदबा था, बहन बेटियां सुरक्षित नहीं थीं और प्रदेश में गुंडाराज का माहौल था। जनता ने 2022 में सपा को सत्ता से बाहर कर दिया और 2027 में भी उसे हार का सामना करना पड़ेगा। रैली में बड़ी संख्या में किसानों, क्षेत्रवासियों और कार्यकर्ताओं की मौजूदगी रही।





