राज्यउत्तर प्रदेश

Noida Crime: ताबड़तोड़ फायरिंग से दहला मोहल्ला, CCTV सामने आने पर तेज हुई जांच

Noida Crime: ताबड़तोड़ फायरिंग से दहला मोहल्ला, CCTV सामने आने पर तेज हुई जांच

नोएडा। जेवर क्षेत्र में लेनदेन के विवाद को लेकर एक घर के बाहर ताबड़तोड़ फायरिंग का मामला सामने आया है। गोलियों की आवाज से इलाके में दहशत फैल गई। घटना का सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद मामले ने फिर तूल पकड़ लिया है। पीड़ित परिवार ने आरोप लगाया कि घटना के बाद पुलिस से शिकायत करने के बावजूद आरोपियों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई नहीं हुई और उन पर समझौते का दबाव बनाया गया।

घटना जहांगीरपुर चौकी क्षेत्र की बताई जा रही है। घर के बाहर हुई फायरिंग का पूरा घटनाक्रम इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया। फुटेज में कथित तौर पर दो युवक दोनों हाथों में हथियार लेकर घर के बाहर गोलियां चलाते नजर आ रहे हैं।

बताया गया है कि पीड़ित परिवार का आरोपियों के साथ होटल के किराये को लेकर लेनदेन का विवाद चल रहा था। इसी विवाद के बाद दोनों आरोपियों ने घर के बाहर पहुंचकर फायरिंग की। घटना के बाद परिवार ने पुलिस से शिकायत की और आरोपियों पर कार्रवाई की मांग की।

परिवार ने पुलिस पर लगाया समझौते का दबाव बनाने का आरोप

पीड़ित परिवार का आरोप है कि शिकायत के बावजूद आरोपियों के खिलाफ तत्काल गिरफ्तारी जैसी कार्रवाई नहीं की गई। परिवार ने चौकी के कुछ पुलिसकर्मियों पर समझौते के लिए दबाव बनाने का भी आरोप लगाया। उनका कहना है कि फायरिंग करने वाले आरोपी क्षेत्र में खुलेआम घूम रहे हैं, जिससे परिवार को अपनी सुरक्षा को लेकर चिंता बनी हुई है।

25 मई को हुई थी फायरिंग

परिवार के मुताबिक घटना 25 मई 2026 की शाम करीब सात बजे हुई थी। दोनों आरोपी घर के बाहर पहुंचे और फायरिंग कर फरार हो गए। घटना के करीब दो महीने बाद सीसीटीवी फुटेज सामने आने से ग्रामीणों में भी पुलिस कार्रवाई को लेकर सवाल उठने लगे।

हालांकि पुलिस का कहना है कि मामले में 1 जून को ही प्राथमिकी दर्ज कर ली गई थी। घटना के बाद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ गैर-जमानती वारंट (NBW) जारी कराने के लिए न्यायालय में आवेदन भी किया है।

एसीपी जेवर राजीव सिसौदिया के मुताबिक आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास लगातार जारी हैं। पुलिस मामले की जांच करते हुए आरोपियों की तलाश कर रही है

Related Articles

Back to top button