Agra: आगरा में ताजमहल के पास बिछड़ा 6 साल का बच्चा, पुलिस ने 30 मिनट में मिलाया माता-पिता से

Agra: आगरा में ताजमहल के पास बिछड़ा 6 साल का बच्चा, पुलिस ने 30 मिनट में मिलाया माता-पिता से

रिपोर्ट: आकाश जैन

आगरा में ताजमहल घूमने आए एक परिवार के लिए कल का दिन भय और राहत दोनों लेकर आया। महाराष्ट्र के लातूर से आए पर्यटकों के समूह का छह वर्षीय बेटा अयान ताजमहल के पश्चिमी प्रवेश द्वार के पास अचानक अपने माता-पिता से बिछड़ गया। परिवार जब ताजमहल से बाहर निकल रहा था, तभी भीड़भाड़ के बीच बच्चा आगे निकल गया और माता-पिता उसे तलाशते रह गए। कुछ ही मिनटों में बच्चा आंखों से ओझल हो गया, जिससे माता-पिता घबराकर रोने लगे और मदद के लिए पुलिस के पास पहुंचे।

घबराई हुई मां ने तुरंत पश्चिमी प्रवेश द्वार पर तैनात थाना ताज सुरक्षा पुलिस की क्विक रिस्पांस टीम के प्रभारी को बच्चे के गुम होने की जानकारी दी। सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आ गई और वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में बच्चे की तलाश के लिए सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए। साथ ही रेडियो अनाउंसमेंट, आरटी सेट मैसेज और मौके पर तैनात जवानों के माध्यम से सभी गेटों पर अलर्ट जारी कर दिया गया।

लगातार प्रयासों के बाद करीब 30 मिनट के भीतर पुलिस ने बच्चे को ताजमहल परिसर के बाहर से सुरक्षित ढूंढ निकाला और माता-पिता से मिलाया। बच्चे को सकुशल देखकर माता-पिता की आंखों में खुशी के आंसू आ गए और उन्होंने आगरा पुलिस का धन्यवाद किया। इस खोज अभियान में थाना ताज सुरक्षा की टीम में उप निरीक्षक पंकज सिंह पटेल, आरक्षी अनिल और महिला आरक्षी प्रीति की अहम भूमिका रही। आगरा पुलिस के इस त्वरित एक्शन की सराहना पर्यटकों और स्थानीय लोगों ने भी की, जिन्होंने कहा कि पुलिस की सजगता और तत्परता ने एक बड़ा हादसा टाल दिया।

 

Hot this week

Topics

spot_img

Related Articles

Popular Categories

spot_imgspot_img