Faridabad Crime: AVTS सिकरोना टीम की बड़ी कार्रवाई, दो वाहन चोर गैंग का भंडाफोड़, 8 चोरी की बाइक बरामद

Faridabad Crime: AVTS सिकरोना टीम की बड़ी कार्रवाई, दो वाहन चोर गैंग का भंडाफोड़, 8 चोरी की बाइक बरामद

रिपोर्ट: संदीप चौहान

फरीदाबाद पुलिस को वाहन चोरी के मामलों में बड़ी सफलता मिली है। अपराध शाखा AVTS सिकरोना की टीम ने कार्रवाई करते हुए दो अलग-अलग वाहन चोर गिरोहों का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी की 8 मोटरसाइकिल बरामद की हैं। पुलिस के मुताबिक इन बरामद बाइकों से जिले में दर्ज 9 वाहन चोरी के मामलों का खुलासा हुआ है।

फरीदाबाद पुलिस के अनुसार आरोपियों को पहले अवैध हथियारों के मामलों में गिरफ्तार किया गया था। पूछताछ के दौरान सामने आया कि आरोपी वाहन चोरी की वारदातों में भी शामिल थे। इसके बाद पुलिस ने गहन जांच करते हुए दोनों गैंग का खुलासा किया।

पहले गैंग में आरिफ और बिलाल को गिरफ्तार किया गया है। आरिफ पुत्र यूनिस निवासी लहरवाड़ी, पुन्हाना नूंह को 5 मई को AVTS सिकरोना टीम ने अवैध कट्टे के साथ गिरफ्तार किया था। इस मामले में थाना धौज में केस दर्ज किया गया था। पूछताछ में आरिफ ने बताया कि वह अवैध हथियार मुकीम नाम के युवक से लेकर आया था, जो नूंह जिले के मुंडीबास गांव का रहने वाला है।

दूसरी ओर बिलाल पुत्र अब्बास को थाना सराय ख्वाजा क्षेत्र में दर्ज बाइक चोरी के मामले में 6 मई को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने उसके कब्जे से एक चोरी की मोटरसाइकिल भी बरामद की थी। जांच के दौरान खुलासा हुआ कि आरिफ और बिलाल दोनों एक ही गांव के रहने वाले हैं और मिलकर वाहन चोरी का गिरोह चला रहे थे।

पुलिस ने बताया कि दोनों आरोपियों से थाना मुजेसर क्षेत्र के चार वाहन चोरी मामलों का खुलासा हुआ है। उनकी निशानदेही पर चार चोरी की मोटरसाइकिल बरामद की गईं। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार आरिफ के खिलाफ पहले से 4 आपराधिक मामले दर्ज हैं, जबकि बिलाल पर 9 केस दर्ज बताए गए हैं।

वहीं दूसरे गैंग में अरशद और मुकीम को गिरफ्तार किया गया है। अपराध शाखा AVTS सिकरोना की टीम ने 5 मई को अरशद पुत्र हारुन निवासी मुडीबास लुहिंगा थाना पुन्हाना नूंह को अवैध कट्टा सप्लाई करने के मामले में गिरफ्तार किया था। उसके खिलाफ थाना मुजेसर में आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया।

इसके अलावा मुकीम पुत्र इलियास को थाना धौज क्षेत्र में दर्ज एक मामले में आसिफ नामक युवक को अवैध हथियार उपलब्ध कराने के आरोप में गिरफ्तार किया गया था। पूछताछ में सामने आया कि अरशद और मुकीम भी वाहन चोरी के संगठित गिरोह का संचालन कर रहे थे।

पुलिस जांच में इस गैंग से फरीदाबाद जिले के चार वाहन चोरी मामलों का खुलासा हुआ है। इनमें थाना सेक्टर-17, आदर्श नगर, कोतवाली और सराय ख्वाजा क्षेत्र के मामले शामिल हैं। आरोपियों की निशानदेही पर चोरी की चार और मोटरसाइकिल बरामद की गई हैं।

फरीदाबाद पुलिस के अनुसार अरशद के खिलाफ पहले से दो आपराधिक मामले दर्ज हैं, जबकि मुकीम पर तीन केस दर्ज बताए गए हैं। पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर चोरी के अन्य मामलों और गिरोह से जुड़े बाकी सदस्यों के बारे में जानकारी जुटा रही है।

 

 

 

Hot this week

Topics

spot_img

Related Articles

Popular Categories

spot_imgspot_img