Faridabad Crime: फरीदाबाद में पुलिस मुठभेड़ के बाद 28 मामलों में वांछित हिस्ट्रीशीटर सोनू गिरफ्तार, बड़ी वारदात की फिराक में था आरोपी

Faridabad Crime: फरीदाबाद में पुलिस मुठभेड़ के बाद 28 मामलों में वांछित हिस्ट्रीशीटर सोनू गिरफ्तार, बड़ी वारदात की फिराक में था आरोपी

रिपोर्ट: संदीप चौहान

फरीदाबाद पुलिस ने अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए 28 आपराधिक मामलों में शामिल हिस्ट्रीशीटर अपराधी सोनू उर्फ भिखारी शाह को पुलिस मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी पर गैंगस्टर एक्ट, हत्या के प्रयास, आर्म्स एक्ट, चोरी, लूट और एनडीपीएस एक्ट समेत कई गंभीर धाराओं में मामले दर्ज हैं। पुलिस के अनुसार आरोपी किसी बड़ी आपराधिक वारदात को अंजाम देने की तैयारी में था और फरीदाबाद के पल्ला थाना क्षेत्र में हुई कई सेंधमारी की घटनाओं में भी वांछित चल रहा था।

पुलिस आयुक्त सतेंद्र कुमार गुप्ता के दिशा-निर्देशन में अपराध और अपराधियों पर शिकंजा कसने के लिए फरीदाबाद पुलिस लगातार विशेष अभियान चला रही है। इसी कड़ी में 11 जून 2026 की अल सुबह करीब 3 बजे अपराध शाखा सेक्टर-85 और अपराध शाखा सेंट्रल की संयुक्त टीम ने आईएमटी क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए आरोपी को काबू किया।

सहायक पुलिस आयुक्त अपराध-2 वरुण कुमार दहिया ने प्रेस वार्ता के दौरान बताया कि अपराध शाखा सेक्टर-85 के प्रभारी एसआई राज सिंह अपनी टीम के साथ आईएमटी चौक चंदावली क्षेत्र में गश्त और अपराध पड़ताल पर मौजूद थे। इसी दौरान उन्हें विश्वसनीय सूचना मिली कि सोनू पुत्र प्रेम सिंह उर्फ भिखारी शाह, जो कई गंभीर अपराधों में शामिल रहा है, अवैध हथियार के साथ मोटरसाइकिल पर आईएमटी क्षेत्र से मच्छगर होते हुए नोएडा की ओर जाने वाला है। सूचना में यह भी बताया गया कि आरोपी किसी बड़ी आपराधिक घटना को अंजाम देने की योजना बना रहा है।

सूचना मिलते ही अपराध शाखा सेंट्रल की टीम को भी मौके पर बुलाया गया और योजनाबद्ध तरीके से आईएमटी स्थित अमूल फैक्ट्री से मच्छगर रोड तक नाकाबंदी कर दी गई। साथ ही कंट्रोल रूम के माध्यम से आसपास के क्षेत्रों में भी अलर्ट जारी किया गया।

नाकाबंदी के दौरान आईएमटी की ओर से एक संदिग्ध मोटरसाइकिल सवार आता दिखाई दिया। पुलिस वाहन की चेतावनी लाइट देखकर आरोपी ने भागने का प्रयास किया और मोटरसाइकिल को मोड़कर बुखारपुर गांव की तरफ तेजी से निकलने लगा। इसी दौरान उसका संतुलन बिगड़ गया और वह मोटरसाइकिल सहित सड़क पर गिर गया।

पुलिस टीम जब उसे पकड़ने के लिए आगे बढ़ी तो आरोपी ने अवैध पिस्टल निकालकर पुलिस कर्मियों पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने स्वयं को पुलिस बताते हुए आरोपी को आत्मसमर्पण करने की चेतावनी दी, लेकिन उसने लगातार फायरिंग जारी रखी। आरोपी द्वारा चलाई गई एक गोली पी/एसआई दीपक लोहान की बुलेट प्रूफ जैकेट पर लगी, जिससे उनकी जान बच गई और एक बड़ा हादसा टल गया।

आरोपी की लगातार फायरिंग के बीच पुलिस टीम ने संयम और साहस का परिचय देते हुए आत्मरक्षा में नियंत्रित जवाबी कार्रवाई की। पुलिस ने आरोपी को जान से नुकसान पहुंचाए बिना काबू करने के उद्देश्य से उसके पैरों की दिशा में फायरिंग की। इस दौरान आरोपी के दाहिने पैर में गोली लगी और वह घायल होकर सड़क किनारे गिर गया। इसके बाद पुलिस टीम ने उसे मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ में आरोपी ने अपनी पहचान सोनू पुत्र प्रेम सिंह उर्फ भिखारी शाह निवासी बाजपट्टी, जिला सीतामढ़ी, बिहार तथा वर्तमान निवासी संगम विहार, अंबेडकर नगर, दिल्ली के रूप में बताई। पुलिस ने घायल आरोपी को प्राथमिक उपचार दिया और अत्यधिक रक्तस्राव रोकने के लिए उसके पैर पर कपड़ा बांधा। इसके बाद उसे इलाज के लिए बीके अस्पताल फरीदाबाद भेजा गया।

तलाशी के दौरान पुलिस को आरोपी के कब्जे से एक मोबाइल फोन, आधार कार्ड और नकदी बरामद हुई। वहीं घटनास्थल से एक अवैध .32 बोर देशी पिस्टल, कई खाली कारतूस और एक मोटरसाइकिल भी बरामद की गई। फोरेंसिक जांच के लिए एफएसएल टीम को मौके पर बुलाया गया और सभी साक्ष्यों को सुरक्षित कब्जे में ले लिया गया।

प्रारंभिक जांच में पता चला है कि आरोपी ने पुलिस टीम पर चार राउंड फायरिंग की थी। पुलिस की ओर से केवल आवश्यक और नियंत्रित जवाबी कार्रवाई की गई। जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी के खिलाफ नोएडा में गैंगस्टर एक्ट, हत्या के प्रयास, शस्त्र अधिनियम, एनडीपीएस एक्ट और अन्य गंभीर अपराधों से जुड़े कुल 28 मामले दर्ज हैं। वह एक घोषित हिस्ट्रीशीटर है और पल्ला थाना क्षेत्र में हुई तीन से चार सेंधमारी की वारदातों में भी वांछित चल रहा था।

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, यह पहली बार नहीं है जब आरोपी का पुलिस से सामना हुआ हो। इससे पहले भी नोएडा पुलिस के साथ उसकी दो बार मुठभेड़ हो चुकी है। पुलिस अब उसके आपराधिक नेटवर्क, साथियों और हालिया गतिविधियों की गहन जांच कर रही है।

घटना के संबंध में थाना सदर बल्लभगढ़ में हत्या के प्रयास, सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाने, शस्त्र अधिनियम तथा अन्य संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस का कहना है कि आरोपी से पूछताछ के दौरान कई महत्वपूर्ण खुलासे होने की संभावना है, जिससे अन्य अपराधों की गुत्थियां भी सुलझ सकती हैं।

दिल्ली हाईकोर्ट ने कहा, ‘यमुना के डूब क्षेत्र को साफ करने से भगवान शिव खुश होंगे’, डीडीए द्वारा तोड़फोड़ के खिलाफ याचिका खारिज की

Hot this week

Lucknow : यूपी में ‘रूल ऑफ माफिया’ मिटाकर स्थापित किया ‘रूल ऑफ लॉ’- मुख्यमंत्री

Lucknow : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उत्तर...

Topics

spot_img

Related Articles

Popular Categories

spot_imgspot_img