Noida: देसी शराब की दुकानों पर सभी ब्रांड की जानकारी देना होगा अनिवार्य
नोएडा। जिला आबकारी विभाग ने दो दिवसीय विशेष अभियान चलाकर जिले की शराब की दुकानों का निरीक्षण किया और लाइसेंस धारकों को कई आवश्यक निर्देश जारी किए। विभाग ने स्पष्ट किया है कि अब देसी शराब की दुकानों के काउंटर पर उपलब्ध सभी ब्रांडों की जानकारी प्रदर्शित करना अनिवार्य होगा।
जिला आबकारी अधिकारी सुबोध कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि अभियान के दौरान आबकारी निरीक्षकों ने देसी शराब की दुकानें, कंपोजिट शॉप, मॉडल शॉप, प्रीमियम रिटेल शॉप और बार का निरीक्षण किया। सभी लाइसेंस धारकों को निर्देश दिए गए कि पीओएस मशीन के माध्यम से शत-प्रतिशत बिक्री सुनिश्चित की जाए और सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग लगातार चालू रखी जाए।
इसके अलावा कांवड़ यात्रा को ध्यान में रखते हुए कांवड़ मार्गों पर स्थित शराब की दुकानों को पर्दों से ढकने के भी निर्देश दिए गए हैं। विभाग ने चेतावनी दी है कि नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।


