एक्सप्रेस वे की सर्विस रोड से गिरी बुलेट, एक की मौत, दो घायल,

अमर सैनी

नोएडा।सेक्टर-126 थानाक्षेत्र स्थित एक्सप्रेसवे की सर्विस रोड पर बेकाबू बुलेट नाली में गिरने से उस पर सवार एक व्यक्ति की मौत हो गई। दो अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों का निजी अस्पताल में उपचार चल रहा है। मृतक और घायलों के परिजनों ने अभी तक मामले की शिकायत संबंधित थाने की पुलिस से नहीं की है। हादसे में बुलेट भी पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई। घटनास्थल पर पुलिस को कोई हेलमेट नहीं मिला है।

सेक्टर-126 थाना प्रभारी ने बताया कि बिहार का पंकज, रामपुर के रोहित गुप्ता और बदायूं के बंटी माहेश्वरी दोस्त थे। रोहित और बंटी वर्तमान में सेक्टर-128 में जबकि पंकज दिल्ली के न्यू अशोक नगर में किराये का कमरा लेकर रहते थे। सोमवार तड़के चार बजे के करीब तीनों बुलेट पर सवार होकर कहीं जा रहे थे। तीनों सेक्टर-128 में एक्सप्रेसवे की सर्विस रोड से निकले ही थे तभी बुलेट बेकाबू होकर बगल की नाली में गिर गई। बुलेट की रफ्तार तेज होने के कारण तीनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।

सिर में चोट लगने से हुई मौत
उधर से गुजर रहे राहगीरों ने हादसे की जानकारी पुलिस को दी। राहगीरों की मदद से ही तीनों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया। यहां चिकित्सकों ने पंकज को देखते ही मृत घोषित कर दिया। पंकज के सिर समेत शरीर के अन्य हिस्से में चोट आई थी। रोहित और बंटी का अभी भी उपचार चल रहा है। दोनों के सिर और हाथ में चोट लगी है। मृतकों और घायलों के परिजनों को हादसे की जानकारी दे दी गई है।

अलग-अलग कंपनी में करते थे काम
घायलों से पूछताछ करने के बाद हादसे के संबंध में विस्तृत जानकारी मिलेगी। पंकज के परिजन बिहार से नोएडा के लिए निकल चुके हैं। 25 साल पंकज की मौत के बाद पूरे घर में मातम पसरा हुआ है। राहगीरों ने हादसे की सूचना सबसे पहले डॉयल-112 पर दी थी। प्राथमिक जानकारी में सामने आया है कि युवक अलग-अलग कंपनियों में काम करते थे और दोस्त थे।

Hot this week

Topics

spot_img

Related Articles

Popular Categories

spot_imgspot_img