Doctors Award 2025 Himachal: मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने डॉक्टर्स अवार्ड 2025 समारोह की अध्यक्षता की
मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने शिमला के पीटरहॉफ में प्रतिष्ठित दैनिक समाचार पत्र द्वारा आयोजित ‘डॉक्टर्स अवार्ड 2025’ समारोह की अध्यक्षता की। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि आज के समय में समाचार पत्र केवल सूचनाएं देने तक सीमित नहीं हैं, बल्कि समाज के विभिन्न वर्गों को प्रेरणा देने और उत्कृष्ट कार्य करने वालों को सम्मानित करने का सशक्त मंच बन चुके हैं। उन्होंने कहा कि महिलाओं, युवाओं और स्वास्थ्य क्षेत्र में कार्यरत समर्पित पेशेवरों को प्रोत्साहित करने की दिशा में यह आयोजन एक सराहनीय प्रयास है।
मुख्यमंत्री ने प्रदेश और देश के विभिन्न प्रतिष्ठित स्वास्थ्य संस्थानों से जुड़े डॉक्टरों और विशेषज्ञों को उनकी निःस्वार्थ एवं असाधारण सेवाओं के लिए सम्मानित किया। इनमें एम्स बिलासपुर के एचओडी नेफ्रोलॉजी प्रो. डॉ. संजय विक्रांत, अटल इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल सुपर स्पेशियलिटीज शिमला के प्रिंसिपल प्रो. डॉ. बृज शर्मा, राष्ट्रीय आयुर्वेद संस्थान जयपुर के कुलपति प्रो. संजीव शर्मा, एआईएमएसएस चमियाना के प्रो. डॉ. सुधीर शर्मा, आईजीएमसी शिमला के रूमेटोलॉजिस्ट डॉ. विकास शर्मा, एआईएमएसएस चमियाना के डॉ. कैलाश बरवाल, चंबा मेडिकल कॉलेज के डॉ. मणिक सहगल, टांडा मेडिकल कॉलेज के डॉ. मुकेश कुमार और डॉ. अमित शर्मा सहित कई अन्य विशेषज्ञ शामिल रहे। इसके अतिरिक्त पीजीआईएमईआर चंडीगढ़ के उप निदेशक (प्रशासन) पंकज राय को रोगी-केंद्रित सेवाओं को बढ़ावा देने के लिए सम्मानित किया गया। तेंजिन अस्पताल शिमला, नेगी क्लीनिक ठियोग, जनता अस्पताल एवं पाइल्स सेंटर, डॉ. दक्ष खुराना लिवर एंड डाइजेस्टिव केयर और करण सिंह वैद्य प्राचीन आयुर्वेद को भी उत्कृष्ट स्वास्थ्य सेवाओं के लिए सम्मान प्रदान किया गया।
मुख्यमंत्री ने पुरस्कार विजेताओं को बधाई देते हुए कहा कि राज्य सरकार स्वास्थ्य क्षेत्र को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है और बीते तीन वर्षों में व्यवस्था परिवर्तन की दिशा में कई बड़े सुधार किए गए हैं। उन्होंने कहा कि आर्थिक चुनौतियों के बावजूद सरकार ने स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के लिए ठोस कदम उठाए हैं। उन्होंने जानकारी दी कि पुरानी पेंशन योजना बहाल किए जाने के बाद केंद्र सरकार द्वारा राज्य की उधार सीमा में कटौती और राजस्व घाटा अनुदान में कमी की गई, फिर भी सरकार जनहित के कार्यों से पीछे नहीं हटी।
स्वास्थ्य क्षेत्र की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य में पहली बार एआईएमएसएस चमियाना में रोबोटिक सर्जरी की शुरुआत की गई है, जहां अब तक 120 से अधिक सफल सर्जरी हो चुकी हैं। यह सुविधा जल्द ही टांडा मेडिकल कॉलेज में भी उपलब्ध करवाई जा रही है और वर्ष 2026 की शुरुआत तक प्रदेश के सभी मेडिकल कॉलेजों में रोबोटिक सर्जरी सेवाएं शुरू करने का लक्ष्य रखा गया है। इसके लिए राज्य सरकार स्वास्थ्य अधोसंरचना के उन्नयन और आधुनिक सेवाओं के विस्तार पर लगभग 3000 करोड़ रुपये का निवेश कर रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि एआईएमएसएस चमियाना में एक एडवांस्ड पीडियाट्रिक सेंटर स्थापित किया जा रहा है, जबकि आईजीएमसी और टांडा मेडिकल कॉलेज में एआई-सक्षम अत्याधुनिक प्रयोगशालाओं के लिए 75 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। 70 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों के लिए अस्पतालों में विशेष ओपीडी परामर्श स्लॉट शुरू किए जा रहे हैं, ताकि उन्हें लंबी प्रतीक्षा न करनी पड़े। उन्होंने बताया कि 236 डॉक्टरों की भर्ती प्रक्रिया जारी है और 150 अतिरिक्त पदों को भरने की स्वीकृति दी जा चुकी है। रेजिडेंट डॉक्टरों के ड्यूटी आवर्स को भी 36 घंटे से घटाकर 12 घंटे किया गया है और वरिष्ठ रेजिडेंट्स के स्टाइपेंड में उल्लेखनीय बढ़ोतरी की गई है।
शिक्षा और सामाजिक कल्याण के क्षेत्र में सरकार की उपलब्धियों का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि एनएएस सर्वे में हिमाचल प्रदेश ने 21वें स्थान से छलांग लगाकर 5वां स्थान हासिल किया है। पहले चरण में 100 सरकारी स्कूलों में सीबीएसई पाठ्यक्रम लागू किया जा रहा है और 20 राजीव गांधी डे-बोर्डिंग स्कूलों का कार्य शुरू हो चुका है। उन्होंने बताया कि 6000 अनाथ बच्चों को ‘चिल्ड्रन ऑफ द स्टेट’ के रूप में अपनाया गया है और मुख्यमंत्री सुख-आश्रय योजना के तहत उनकी सभी जरूरतों का ध्यान रखा जा रहा है। दिव्यांगजनों के लिए सोलन के कंडाघाट में उत्कृष्टता केंद्र स्थापित किया जा रहा है।
समारोह से पहले दिव्य हिमाचल के प्रधान संपादक अनिल सोनी ने मुख्यमंत्री और अन्य अतिथियों का स्वागत किया और सामाजिक सरोकारों में समाचार पत्र की भूमिका पर प्रकाश डाला। इस अवसर पर स्वास्थ्य मंत्री डॉ. धनी राम शांडिल, एचपीटीडीसी के अध्यक्ष आर.एस. बाली, शिमला नगर निगम के महापौर सुरेंद्र चौहान सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
Realme GT 6 भारत में लॉन्च होने की पुष्टि। अपेक्षित स्पेक्स, फीचर्स, और भी बहुत कुछ


