District Library: जिला पुस्तकालय में बढ़ेंगी सुविधाएं, ई-लाइब्रेरी को मजबूत करने के निर्देश
नोएडा। सेक्टर-12 स्थित राजकीय जिला पुस्तकालय को आधुनिक और विद्यार्थियों के लिए अधिक सुविधाजनक बनाने की तैयारी शुरू हो गई है। बुधवार को जिला विद्यालय निरीक्षक (डीआईओएस) चंद्रशेखर ने पुस्तकालय का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं, पठन-पाठन के माहौल और उपलब्ध सुविधाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान डीआईओएस ने पेयजल, शौचालय, प्रकाश व्यवस्था, साफ-सफाई और रखरखाव की स्थिति को बेहतर करने के निर्देश दिए। उन्होंने पुस्तकालय में ई-लाइब्रेरी व्यवस्था को मजबूत करने के साथ पुस्तकों के संरक्षण और उनके व्यवस्थित रखरखाव पर भी विशेष जोर दिया।
डीआईओएस ने विद्यार्थियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए पुस्तकालय में अलग शौचालय कक्ष विकसित करने के निर्देश दिए। इसके अलावा पुस्तकालय में गंगाजल की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए नोएडा प्राधिकरण से वार्ता करने की बात कही गई।
उन्होंने राजकीय इंटर कॉलेज के शिक्षकों को नियमित रूप से पुस्तकालय से जुड़ने और विद्यार्थियों को अधिक से अधिक पुस्तकालय का उपयोग करने के लिए प्रेरित करने के निर्देश दिए। अधिकारियों के अनुसार, पुस्तकालय के बेहतर उपयोग से छात्रों में पढ़ने की आदत विकसित करने और अध्ययन के प्रति रुचि बढ़ाने में मदद मिलेगी।
डीआईओएस ने कहा कि पुस्तकालय को अधिक उपयोगी, व्यवस्थित और आधुनिक बनाने के लिए सुविधाओं के उन्नयन का काम लगातार जारी रखा जाएगा।
निरीक्षण के दौरान राजकीय इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य मोहित वशिष्ठ, पुस्तकालय प्रभारी रघुराज सिंह भाटी, लाइब्रेरी कोऑर्डिनेटर प्रवीण सिंह और मल्टी टास्किंग स्टाफ स्वाति तिवारी मौजूद रहीं।

