Delhi NCR Weather Update: आंधी-बारिश से बदला मौसम का मिजाज, दिन में छाया अंधेरा; गर्मी से राहत, 5 जून तक येलो अलर्ट जारी

Delhi NCR Weather Update: आंधी-बारिश से बदला मौसम का मिजाज, दिन में छाया अंधेरा; गर्मी से राहत, 5 जून तक येलो अलर्ट जारी

रिपोर्ट: अमर सैनी

नोएडा। भीषण गर्मी और उमस से परेशान नोएडा, दिल्ली और एनसीआर के लोगों को गुरुवार को मौसम ने बड़ी राहत दी। दोपहर के समय अचानक मौसम ने करवट ली और आसमान पर घने काले बादल छा गए। कई इलाकों में दिन के समय ही अंधेरा जैसा माहौल बन गया। तेज आंधी, धूल भरी हवाओं और बारिश ने जहां तापमान में गिरावट ला दी, वहीं जनजीवन पर भी इसका असर देखने को मिला। गुरुवार दोपहर अचानक शुरू हुई तेज हवाओं और बारिश के कारण सड़क पर चल रहे लोगों और वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा। कई स्थानों पर दृश्यता कम हो गई, जिससे यातायात प्रभावित हुआ और वाहनों की गति धीमी पड़ गई। हालांकि मौसम में आए इस बदलाव से लोगों को कई दिनों से पड़ रही भीषण गर्मी से राहत मिली।भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) ने पहले ही 4 और 5 जून के लिए येलो अलर्ट जारी किया था और गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना जताई थी। विभाग का पूर्वानुमान गुरुवार को सही साबित हुआ और दिल्ली-एनसीआर के अधिकांश हिस्सों में मौसम अचानक बदल गया। बारिश के बाद तापमान में भी उल्लेखनीय गिरावट दर्ज की गई, जिससे लोगों ने राहत महसूस की। मौसम विभाग के अनुसार दिल्ली-एनसीआर के विभिन्न क्षेत्रों में हवाओं की रफ्तार 50 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक दर्ज की गई। तेज हवाओं के कारण पेड़ों की शाखाएं झूमती रहीं और कुछ स्थानों पर छोटे-मोटे नुकसान की घटनाएं भी सामने आईं। धूल भरी आंधी के कारण कई क्षेत्रों में कुछ समय के लिए दृश्यता भी प्रभावित रही।  विशेषज्ञों के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ और स्थानीय मौसमी परिस्थितियों के संयुक्त प्रभाव के कारण मौसम में यह बदलाव देखने को मिला। यही कारण है कि आगामी कुछ दिनों तक क्षेत्र में मौसम अपेक्षाकृत सुहावना बना रह सकता है।

मौसम विभाग ने 5 जून के लिए भी येलो अलर्ट जारी रखा है। विभाग के मुताबिक शुक्रवार को भी सुबह, दोपहर और रात के समय गरज-चमक के साथ हल्की बारिश होने की संभावना है। अनुमान है कि अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहेगा। इसके अलावा 6 जून को भी गरज-चमक और हल्की बारिश की संभावना जताई गई है, जिससे तापमान सामान्य से नीचे रह सकता है। वहीं 7 जून को मौसम साफ रहने और आसमान में धूप निकलने के संकेत हैं। मौसम विभाग ने लोगों को सलाह दी है कि खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों, पेड़ों और बिजली के खंभों के नीचे खड़े होने से बचें तथा आवश्यक होने पर ही घर से बाहर निकलें।

मौसम में आए इस बदलाव ने जहां लोगों को गर्मी से राहत दी है, वहीं आने वाले दिनों में भी दिल्ली-एनसीआर के निवासियों को अपेक्षाकृत सुहावने मौसम का अनुभव होने की उम्मीद है।

Hot this week

Topics

spot_img

Related Articles

Popular Categories

spot_imgspot_img