Delhi Crime: दिल्ली के यमुना खादर में मुठभेड़ के बाद तीन शातिर बदमाश गिरफ्तार, दो को लगी गोली

Delhi Crime: दिल्ली के यमुना खादर में मुठभेड़ के बाद तीन शातिर बदमाश गिरफ्तार, दो को लगी गोली

रिपोर्ट: रवि डालमिया

दिल्ली के उत्तर-पूर्वी जिले में अपराध के खिलाफ पुलिस को एक बड़ी कामयाबी मिली है। न्यू उस्मानपुर इलाके के यमुना खादर में रविवार तड़के पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हुई, जिसमें तीन शातिर अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया गया। इनमें से दो बदमाशों के पैरों में गोली लगी है। ये सभी हाल ही में हुई लूट की घटनाओं में शामिल थे और एक नई वारदात को अंजाम देने की फिराक में थे। उत्तर-पूर्वी जिले के डीसीपी आशीष मिश्रा ने बताया कि रविवार तड़के करीब 2:25 बजे न्यू उस्मानपुर थाने की पुलिस टीम को सूचना मिली थी कि तीन बदमाश यमुना खादर इलाके में पांचवें पुश्ते के पास एक और लूट की योजना बना रहे हैं। सूचना मिलते ही एसआई उदित जैन, कांस्टेबल हनी और कांस्टेबल राहुल की टीम मौके पर रवाना हुई। पुलिस टीम जब बताई गई जगह पर पहुंची तो वहां तीन संदिग्ध युवक नजर आए, जो पुलिस को देखते ही जंगल की ओर भागने लगे।

पुलिस टीम ने जब उन्हें रुकने का इशारा किया, तो बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी। खुद को घिरा देख पुलिस ने भी आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई करते हुए गोली चलाई। जवाबी फायरिंग में दो बदमाश समीर और तरुण के पैरों में गोली लगी, जबकि तीसरे आरोपी कुनाल शर्मा को बिना गोली लगे काबू कर लिया गया। मौके से दो देशी पिस्तौल और तीन जिंदा कारतूस भी बरामद किए गए हैं। घायल बदमाशों को तुरंत नजदीकी जग प्रवेश चंद्र अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है। पकड़े गए आरोपियों की पहचान समीर (21), तरुण (23) और कुनाल शर्मा (23) के रूप में हुई है। पुलिस जांच में सामने आया है कि समीर के खिलाफ पहले से लूट और मारपीट के दो मुकदमे दर्ज हैं।

प्रारंभिक पूछताछ में खुलासा हुआ है कि यह गिरोह एक खास तरीके से लोगों को फंसाता था। ये बदमाश ऑनलाइन डेटिंग ऐप्स के जरिए लोगों को संपर्क करते थे और फिर उन्हें सुनसान इलाकों में बुलाकर लूटपाट करते थे। पुलिस को शक है कि इन्होंने हाल के दिनों में दिल्ली और आसपास के इलाकों में कई वारदातों को अंजाम दिया है। फिलहाल पुलिस तीनों आरोपियों से गहन पूछताछ कर रही है और यह जानने की कोशिश कर रही है कि इस गिरोह में और कौन-कौन शामिल हैं। साथ ही इनके मोबाइल और डिजिटल माध्यमों की जांच भी की जा रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि इन्होंने किन-किन लोगों को अपने जाल में फंसाया है।

डीसीपी आशीष मिश्रा ने कहा कि यह कार्रवाई पुलिस की सक्रियता और त्वरित कार्रवाई का नतीजा है, जिससे एक बड़े अपराध को टाल दिया गया और तीन शातिर अपराधी पकड़े गए। पुलिस अब इनके नेटवर्क और अन्य वारदातों में इनकी संलिप्तता को लेकर जांच में जुट गई है। इस मुठभेड़ के बाद स्थानीय लोगों में भी सुरक्षा को लेकर विश्वास मजबूत हुआ है।

Realme GT 6 भारत में लॉन्च होने की पुष्टि। अपेक्षित स्पेक्स, फीचर्स, और भी बहुत कुछ

Hot this week

Topics

spot_img

Related Articles

Popular Categories

spot_imgspot_img