Delhi Crime: मधु विहार में 50 लाख की रंगदारी मांगने वाला कर्तार भाटी गिरफ्तार, पुरानी हत्या का दिया था हवाला

Delhi Crime: मधु विहार में 50 लाख की रंगदारी मांगने वाला कर्तार भाटी गिरफ्तार, पुरानी हत्या का दिया था हवाला

रिपोर्ट: रवि डालमिया

पूर्वी दिल्ली के मधु विहार इलाके में 50 लाख रुपये की रंगदारी मांगने का सनसनीखेज मामला सामने आया है, जिसमें स्पेशल स्टाफ, एंटी-नारकोटिक्स स्क्वॉड और मधु विहार थाने की संयुक्त कार्रवाई में मुख्य आरोपी कर्तार भाटी को गिरफ्तार कर लिया गया है। दिल्ली पुलिस के डीसीपी अभिषेक धानिया ने इस मामले की जानकारी देते हुए बताया कि पूरी वारदात 11 मई की शाम लगभग 6:50 बजे वेस्ट विनोद नगर में हुई, जब पीड़ित रामकुमार (58) अपने बेटों के साथ दुकान पर मौजूद थे।

इसी दौरान दो अज्ञात युवक दुकान में घुसे, जिनमें से एक ने खुद को कर्तार भाटी बताया और दावा किया कि उसने ‘भूरे’ नामक व्यक्ति की हत्या की है। उसने एक पॉकेट डायरी दिखाई, जिसमें रामकुमार के घर और दुकान के पते लिखे थे, और धमकी दी कि अगर 50 लाख रुपये नहीं दिए गए, तो जान से मार दिया जाएगा।

यह यहीं नहीं रुका। 16 मई को रामकुमार को फिर से एक व्हाट्सऐप कॉल आया, जिसमें कर्तार भाटी के नाम से दोबारा रंगदारी की मांग की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए मधु विहार थाने में केस दर्ज किया गया और जांच शुरू की गई।

पुलिस टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को खंगाला, जिसमें आरोपी साफ दिखाई दिए। तकनीकी निगरानी और खुफिया जानकारी के आधार पर पुलिस ने मुख्य आरोपी कर्तार भाटी और उसके साथी नादिर उर्फ साह आलम की पहचान की। दबिश देकर कर्तार भाटी को गिरफ्तार किया गया। उसके पास से वह पॉकेट डायरी और वारदात के समय पहने गए कपड़े भी बरामद कर लिए गए हैं।

कर्तार भाटी, गौतम बुद्ध नगर जिले के जमालपुर गांव का रहने वाला है और वह पहले से हत्या, लूट और झपटमारी जैसे सात मामलों में आरोपी रह चुका है। वह सितंबर 2024 में ही जेल से रिहा हुआ था।

गौरतलब है कि आरोपी ने रामकुमार को धमकाने के लिए भूरे नामक एक कुख्यात बदमाश की हत्या का हवाला दिया, जिसकी 2022 में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। पुलिस के मुताबिक यह एक सुनियोजित साजिश थी, जिसके जरिए आरोपी ने रामकुमार से मोटी रकम वसूलने की योजना बनाई थी।

फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और उसके साथी नादिर उर्फ साह आलम की तलाश जारी है। इस घटना ने एक बार फिर यह दिखा दिया है कि जेल से रिहा होने के बावजूद कुछ अपराधी फिर से वारदातों को अंजाम देने से बाज नहीं आते। पुलिस अब पूरे नेटवर्क की पड़ताल कर रही है ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर रोक लगाई जा सके।

भारत और पाकिस्तान टी20 विश्व कप 2024 में दो बार आमने-सामने हो सकते हैं। जानिए कैसे

Hot this week

Topics

spot_img

Related Articles

Popular Categories

spot_imgspot_img