Delhi Crime: न्यू उस्मानपुर की बंद दुकान में मिला युवक का सड़ा-गला शव, इलाके में सनसनी

Delhi Crime: न्यू उस्मानपुर की बंद दुकान में मिला युवक का सड़ा-गला शव, इलाके में सनसनी

रिपोर्ट: रवि डालमिया

उत्तर पूर्वी दिल्ली के न्यू उस्मानपुर इलाके में आज उस समय हड़कंप मच गया जब तीसरे पुस्ता रोड स्थित एक बंद दुकान से तेज दुर्गंध आने की सूचना पर पुलिस ने दरवाजा तोड़ा और अंदर का मंजर देखकर दंग रह गई। दुकान के भीतर एक युवक का सड़ा-गला शव मिला, जिसकी पहचान 35 वर्षीय मोहम्मद इदरीश के रूप में हुई है। मृतक रोटी बनाने का काम करता था और वही दुकान उसने किराए पर ले रखी थी। घटना न्यू उस्मानपुर के ई-75, थर्ड पुस्ता रोड की है, जहां एक दो मंजिला मकान के ग्राउंड फ्लोर पर यह दुकान स्थित है। दोपहर के समय स्थानीय लोगों ने जब लगातार आ रही तेज बदबू की शिकायत की, तो पुलिस मौके पर पहुंची। शुरू में बदबू नाले से आने का भ्रम हुआ, लेकिन जांच के दौरान साफ हो गया कि बदबू बंद पड़ी रोटी की दुकान से आ रही है। पुलिस ने जब दुकान का ताला तोड़ा, तो अंदर एक युवक का शव अर्धविक्षिप्त और सड़ चुकी अवस्था में मिला।

उत्तर पूर्वी दिल्ली के डीसीपी आशीष मिश्रा ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और क्राइम टीम व एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लैब) को भी बुलाया गया। जांच के दौरान पाया गया कि शव कई दिनों पुराना है और मौके से कोई ऐसा सुराग नहीं मिला जिससे प्रथम दृष्टया हत्या की पुष्टि हो सके। शव पर किसी तरह के बाहरी चोट के निशान भी नहीं पाए गए हैं। फिलहाल शव को पोस्टमार्टम के लिए जीटीबी अस्पताल भेज दिया गया है और रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है ताकि मृत्यु के सही कारणों का पता चल सके।

पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह जानने की कोशिश कर रही है कि आखिरी बार मोहम्मद इदरीश को कब और किसने देखा था। बताया जा रहा है कि इदरीश इलाके में पिछले कुछ समय से अकेले ही दुकान में रहकर रोटियां बनाने का काम कर रहा था और ज्यादा मेलजोल नहीं रखता था। मकान मालिक ने पुलिस को बताया कि इदरीश कई दिनों से नजर नहीं आया और दुकान भी लगातार बंद थी, लेकिन उन्होंने सोचा कि वह शायद कहीं बाहर गया होगा। स्थानीय लोग भी यही मानकर चल रहे थे कि वह दुकान छोड़कर चला गया है, लेकिन जब बदबू असहनीय हो गई तब जाकर इस रहस्य का खुलासा हुआ।

घटना के बाद इलाके में डर और आशंका का माहौल बन गया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस तरह एक युवक का शव कई दिनों तक बिना किसी को खबर हुए बंद दुकान में पड़ा रहना न केवल चौंकाने वाला है, बल्कि सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े करता है। पुलिस का कहना है कि हर एंगल से जांच की जा रही है और जरूरत पड़ी तो आसपास के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जाएंगे।

भारत और पाकिस्तान टी20 विश्व कप 2024 में दो बार आमने-सामने हो सकते हैं। जानिए कैसे

Hot this week

Topics

spot_img

Related Articles

Popular Categories

spot_imgspot_img