Noida Theft: नोएडा में दिनदहाड़े मीडियाकर्मी के घर का ताला तोड़कर लाखों की चोरी
नोएडा के फेज-3 थाना क्षेत्र स्थित एक अपार्टमेंट में सोमवार दोपहर चोरों ने एक मीडियाकर्मी के घर का ताला तोड़कर लाखों रुपये के जेवरात और नकदी चोरी कर ली। चोर घर से करीब छह लाख रुपये कीमत के गहने और 12 हजार रुपये नकद लेकर फरार हो गए। घटना का पता तब चला जब स्कूल से घर लौटी बेटी ने मुख्य दरवाजा टूटा हुआ देखा। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।
सेक्टर-71 स्थित शिव शक्ति अपार्टमेंट के डी ब्लॉक में रहने वाले सुनील कुमार एक मीडिया हाउस में काम करते हैं। उनकी पत्नी गृहिणी हैं और बेटी स्कूल में पढ़ती है। सुनील के मुताबिक, सोमवार सुबह उन्होंने बेटी को स्कूल भेजने के बाद सेक्टर-11 स्थित अपने कार्यालय के लिए घर से निकल गए थे। उनकी पत्नी भी करीब 11 बजे किसी काम से बाजार चली गई थीं।
दोपहर करीब दो बजे उनकी बेटी स्कूल से वापस घर पहुंची। घर के दरवाजे का ताला टूटा हुआ देखकर वह घबरा गई। बेटी ने घर के अंदर जाकर देखा तो सामान अस्त-व्यस्त पड़ा था। उसने तत्काल अपने पिता को घटना की जानकारी दी। सूचना मिलने के बाद सुनील कुमार घर पहुंचे और पुलिस को चोरी की जानकारी दी।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया। इसके बाद घर और अपार्टमेंट के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने का काम शुरू किया गया। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि चोरी की वारदात को कितने लोगों ने अंजाम दिया और आरोपी किस दिशा में फरार हुए।
पीड़ित के मुताबिक, चोर घर से करीब छह लाख रुपये के जेवरात और 12 हजार रुपये नकद चोरी करके ले गए हैं। चोरी की घटना दिनदहाड़े होने से अपार्टमेंट में रहने वाले लोगों के बीच भी सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि सोसाइटी में पहले भी चोरी की घटनाएं सामने आती रही हैं। लोगों ने पुलिस से क्षेत्र में गश्त बढ़ाने, सोसाइटी और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की नियमित जांच करने तथा पूर्व में हुई चोरी की घटनाओं का जल्द खुलासा करने की मांग की है। पुलिस फिलहाल सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर चोरों की पहचान करने का प्रयास कर रही है।


