राज्यउत्तर प्रदेश

Dadri Railway Station: बदलने जा रहा है दादरी रेलवे स्टेशन का चेहरा, यात्रियों को मिलेगी नई सुविधा

Dadri Railway Station: बदलने जा रहा है दादरी रेलवे स्टेशन का चेहरा, यात्रियों को मिलेगी नई सुविधा

नोएडा। दिल्ली-हावड़ा रेल मार्ग पर स्थित गौतमबुद्ध नगर के प्रमुख रेलवे स्टेशन दादरी का स्वरूप अब पूरी तरह बदलने जा रहा है। करीब 150 वर्ष पुराने ब्रिटिशकालीन स्टेशन भवन की जगह आधुनिक सुविधाओं से लैस नया रेलवे स्टेशन तैयार हो चुका है। रेलवे प्रशासन के अनुसार अगले एक सप्ताह के भीतर नए भवन में बुकिंग काउंटर की शुरुआत कर दी जाएगी।

रेलवे स्टेशन अधीक्षक हेमंत कुमार ने बताया कि पुराना स्टेशन भवन वर्तमान जरूरतों के हिसाब से छोटा और अपर्याप्त हो गया था। यात्रियों की बढ़ती संख्या और विभागीय कार्यों को देखते हुए नए स्टेशन भवन का निर्माण कराया गया है। नए भवन में आधुनिक बुकिंग काउंटर, विशाल प्रतीक्षालय और रेलवे विभाग के विभिन्न कार्यालय बनाए गए हैं, जिससे सभी सेवाएं एक ही परिसर में संचालित हो सकेंगी।

प्लेटफॉर्म संख्या पांच का निर्माण जल्द

रेलवे प्रशासन के अनुसार ट्रेनों के नियमित संचालन के बीच ही प्लेटफॉर्म संख्या पांच के निर्माण का कार्य भी जल्द शुरू किया जाएगा। इसके बनने से एक्सप्रेस ट्रेनों के ठहराव और संचालन में अधिक सुविधा मिलेगी और यात्रियों को राहत मिलेगी।

प्रयागराज एक्सप्रेस को अच्छा प्रतिसाद

दादरी स्टेशन से 23 अप्रैल से शुरू हुई प्रयागराज एक्सप्रेस में यात्रियों की संख्या लगातार बढ़ रही है। शुरुआत में जहां जनरल कोच में लगभग 70 और आरक्षित श्रेणी में केवल सात यात्री सफर कर रहे थे, वहीं अब प्रतिदिन करीब 350 यात्री इस ट्रेन से यात्रा कर रहे हैं।

फुट ओवरब्रिज से बढ़ी सुविधा

यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए स्टेशन पर नया फुट ओवरब्रिज भी तैयार कर लिया गया है। इससे यात्रियों को अब रेलवे ट्रैक पार करने की जरूरत नहीं पड़ेगी और वे आसानी से एक प्लेटफॉर्म से दूसरे प्लेटफॉर्म तक पहुंच सकेंगे। फुट ओवरब्रिज को सभी प्लेटफॉर्म से जोड़ा गया है।

Related Articles

Back to top button