Cyber Crime: पैरा एथलीट ने सोशल मीडिया पर अभद्र टिप्पणियों और फर्जी शिकायतों का लगाया आरोप, एफआईआर दर्ज
नोएडा। एक अंतरराष्ट्रीय पैरा एथलीट ने सोशल मीडिया और डिजिटल माध्यमों पर कथित साइबर उत्पीड़न तथा मानहानि का आरोप लगाते हुए बीटा-2 कोतवाली में प्राथमिकी दर्ज कराई है। पीड़िता का कहना है कि लंबे समय से उनके खिलाफ झूठी और दुर्भावनापूर्ण सामग्री प्रसारित की जा रही है, जिससे उनकी प्रतिष्ठा और खेल जीवन को नुकसान पहुंचाने की कोशिश की गई। पुलिस ने आईटी अधिनियम की धारा-66 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
शिकायत के अनुसार पिछले कई महीनों से ई-मेल और अन्य डिजिटल माध्यमों के जरिए उनके और अन्य पैरा खिलाड़ियों के खिलाफ झूठी शिकायतें भेजी जा रही थीं। पीड़िता ने बताया कि उन्होंने 3 जून 2026 को साइबर क्राइम पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई थी, लेकिन कार्रवाई न होने पर पुलिस आयुक्त गौतमबुद्धनगर को भी ई-मेल भेजा।
जांच के दौरान संदिग्ध ई-मेल खातों से हर्ष दीक्षित और राघव मिश्रा नामक व्यक्तियों की पहचान होने की जानकारी सामने आई। पीड़िता ने स्वयं को अंतरराष्ट्रीय पैरा एथलीट, राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता, संयुक्त राष्ट्र एसडीजी एक्शन अवार्डी और दिव्यांगजन अधिकारों के लिए कार्यरत सामाजिक कार्यकर्ता बताया। उनका कहना है कि उनके खिलाफ लगाए गए सभी आरोप निराधार हैं और उनके सभी डोप परीक्षणों की रिपोर्ट भी नेगेटिव रही है। कोतवाली प्रभारी विनोद कुमार ने बताया कि मामले की जांच जारी है।


