Noida Crime: हूटर बजाने का विरोध करने पर महिला मीडियाकर्मी से मारपीट, मोबाइल छीनने का आरोप
नोएडा। पर्थला चौकी के पास सीएनजी पंप पर कार में हूटर बजाने का विरोध करना एक महिला मीडियाकर्मी को भारी पड़ गया। आरोप है कि हूटर बजा रहे युवकों की वीडियो रिकॉर्डिंग करने पर कार सवार तीन युवकों ने महिला के साथ हाथापाई की और उनका मोबाइल फोन छीनकर वीडियो डिलीट कराने का प्रयास किया। पीड़िता की शिकायत पर सेक्टर-113 थाना पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सेक्टर-122 निवासी महिला मीडियाकर्मी शुक्रवार रात अपने घर के पास स्थित सीएनजी पंप पर कार में गैस भरवा रही थीं। इसी दौरान उन्होंने वहां एक कार में बैठे कुछ युवकों को हूटर बजाते हुए देखा। महिला ने हूटर बजाने की इस हरकत का विरोध करते हुए अपने मोबाइल फोन से उसका वीडियो बनाना शुरू कर दिया।
पीड़िता के अनुसार, वीडियो बनाते देखकर कार सवार तीन युवक नाराज हो गए और उन्होंने महिला से रिकॉर्ड किया गया वीडियो डिलीट करने को कहा। महिला ने वीडियो हटाने से इनकार किया तो विवाद बढ़ गया। आरोप है कि इसके बाद तीनों युवकों ने महिला के साथ हाथापाई शुरू कर दी।
महिला का आरोप है कि युवकों ने उनका मोबाइल फोन भी छीन लिया और उसमें रिकॉर्ड किया गया वीडियो डिलीट कराने का प्रयास किया। इसी दौरान आरोपियों ने उनकी कार से चाबी भी जबरन निकाल ली और विरोध करने पर उन्हें धमकी दी।
पीड़िता ने घटना की सूचना पुलिस को फोन के जरिए दी। पुलिस को सूचना दिए जाने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। इसके बाद महिला थाने पहुंचीं और पुलिस को पूरे घटनाक्रम की शिकायत दी। महिला ने पुलिस को बताया कि घटना के समय तीनों आरोपी कथित तौर पर शराब के नशे में थे।
शिकायत मिलने के बाद सेक्टर-113 थाना पुलिस ने आरोपों के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस अब घटनास्थल और उसके आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने और उनकी तलाश करने का प्रयास किया जा रहा है।
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और सीसीटीवी फुटेज तथा अन्य उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
