Chicken Shop Dispute: चिकन के रुपये मांगने पर दुकानदार से मारपीट, दुकान बंद होने के बाद दोबारा पहुंचे युवकों ने की तोड़फोड़
नोएडा के ऐच्छर इलाके में चिकन के रुपये मांगने को लेकर दुकानदार और स्कॉर्पियो सवार युवकों के बीच विवाद होने का मामला सामने आया है। आरोप है कि रुपये मांगने पर युवकों ने दुकानदार के साथ मारपीट की और मौके से फरार हो गए। इसके बाद जब दुकानदार ने अपनी दुकान बंद कर दी, तब आरोपी दोबारा वहां पहुंचे और दुकान में तोड़फोड़ की। पूरी घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। पीड़ित की शिकायत के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की पहचान करने की कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, सोमवार रात ऐच्छर इलाके में स्थित एक दुकान पर स्कॉर्पियो सवार कुछ युवक चिकन खाने के लिए पहुंचे थे। दुकानदार ने उन्हें चिकन दिया, जिसके बाद युवक दुकान के बाहर खड़ी अपनी गाड़ी में बैठकर चिकन खाने लगे। इसी दौरान दुकान बंद करने का समय हो गया। दुकानदार उबेद ने युवकों से चिकन के रुपये मांगे तो इसी बात को लेकर उनके बीच विवाद शुरू हो गया। आरोप है कि नशे में धुत युवकों ने दुकानदार के साथ मारपीट की और इसके बाद अपनी गाड़ी लेकर वहां से चले गए।
कुछ समय बाद, जब दुकानदार ने अपनी दुकान बंद कर दी, तब आरोपी कथित तौर पर दोबारा वहां पहुंचे। इस दौरान उन्होंने दुकान में तोड़फोड़ की। दुकान में हुई तोड़फोड़ की वारदात सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई, जिससे पुलिस को आरोपियों की पहचान करने में मदद मिलने की उम्मीद है। पीड़ित दुकानदार ने पुलिस से शिकायत कर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है। कोतवाली प्रभारी के मुताबिक, स्कॉर्पियो के नंबर के आधार पर आरोपियों का पता लगाया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार करने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।




