चाइल्ड पीजीआई में ऑपरेशन बंद, आईसीयू में सीलन के कारण चौपट हुई व्यवस्था

अमर सैनी

नोएडा। सेक्टर 30 स्थित चाइल्ड पीजीआई एक बार फिर बीमार हो गया है। इस बार सीलन ने पीजीआई को बीमार किया हुआ है। पीजीआई के आईसीयू में सीलन की वजह से पिछले करीब दो सप्ताह से ऑपरेशन बंद पड़े हैं। बताया जा रहा है कि मरीजों के तीमारदारों ने इसे लेकर कई बार सोशल मीडिया पर शिकायत की है। लेकिन अभी तक कोई सुनवाई नहीं हुई है। बताया जा रहा है कि वहीं ऑपरेशन न होने का मुख्य कारण शासन से मिलने वाली धनराशि भी बताई जा रही है। धनराशि जारी करने से संबंधित पत्र बाल चिकित्सालय को मिल चुका है। जल्द ही धनराशि मिलने की संभावना है।

कार्डियोलॉजी आईसीयू में सीलन को ठीक करने का काम चल रहा है। इस काम को पूरा होने में भी कम से कम एक सप्ताह का समय लगेगा। ऐसे में मरीजों को आईसीयू में रखा जाएगा और एक सप्ताह बाद ही ऑपरेशन हो पाएंगे। वहीं धनराशि आने में भी उतना ही समय लगने की संभावना है। कार्डियोलॉजी की ओपीडी प्रतिदिन चल रही है। बारिश के बाद बाल चिकित्सालय के ऑपरेशन थियेटर के बाहर पानी टपकता है। दीवारों पर भी सीलन है, जो मरीजों के लिए गंभीर संक्रमण का कारण बन सकती है। बाल चिकित्सालय को ऑपरेशन के लिए साल में 50 लाख रुपये का बजट मिलता है, जो अलग-अलग ऑपरेशन पर खर्च होता है। बाल चिकित्सालय के कार्डियोलॉजी विभागाध्यक्ष डॉ. मुकेश कुमावत ने बताया कि फिलहाल आईसीयू में नमी है। इसे ठीक करने का काम चल रहा है। ऑपरेशन के लिए मिलने वाली धनराशि के संबंध में पत्र प्राप्त हो चुका है। जल्द ही पैसा आने की उम्मीद है।

Hot this week

Topics

spot_img

Related Articles

Popular Categories

spot_imgspot_img