Noida Society: बालकनी की छत का प्लास्टर गिरा, बाल-बाल बचे लोग

0
4

Noida Society: बालकनी की छत का प्लास्टर गिरा, बाल-बाल बचे लोग

नोएडा। सेक्टर-82 स्थित मधुबन अपार्टमेंट की एमआईजी सोसाइटी में रविवार को एक फ्लैट की बालकनी की छत का प्लास्टर अचानक गिर गया। गनीमत रही कि जिस समय प्लास्टर गिरा, उस समय बालकनी के नीचे कोई व्यक्ति मौजूद नहीं था। घटना के बाद सोसाइटी के लोगों में डर का माहौल है।

स्थानीय निवासियों के मुताबिक, करीब 23 साल पुरानी इस सोसाइटी में इमारतों से प्लास्टर गिरने की घटनाएं पहले भी सामने आती रही हैं। कई स्थानों पर बालकनी और छत के प्लास्टर में दरारें दिखाई दे रही हैं। लोगों को आशंका है कि समय रहते इमारतों की मरम्मत और सुरक्षा जांच नहीं कराई गई तो भविष्य में बड़ा हादसा हो सकता है।

रविवार को बालकनी की छत से प्लास्टर का हिस्सा गिरने के बाद सोसाइटी के लोगों ने संबंधित अधिकारियों से मामले का संज्ञान लेने की मांग की। निवासियों का कहना है कि पुरानी इमारतों की नियमित जांच कर उनकी मरम्मत कराना जरूरी है, ताकि कमजोर हिस्सों के गिरने से किसी व्यक्ति की जान को खतरा न हो।

आरडब्ल्यूए अध्यक्ष रमेश यादव ने बताया कि प्राधिकरण से समय-समय पर सोसाइटी की मरम्मत कराने की मांग की जाती रही है। उन्होंने कहा कि पहले भी इस तरह की घटनाएं हो चुकी हैं, लेकिन इसके बावजूद प्राधिकरण के अधिकारियों की ओर से पर्याप्त ध्यान नहीं दिया जा रहा है। उन्होंने सोसाइटी की इमारतों की सुरक्षा जांच कराने और जरूरी मरम्मत जल्द कराने की मांग की है।