BSP Mission 2027: जेवर में आज कार्यकर्ता सम्मेलन, आकाश आनंद करेंगे संबोधित; प्रत्याशी के नाम का भी होगा ऐलान

BSP Mission 2027: जेवर में आज कार्यकर्ता सम्मेलन, आकाश आनंद करेंगे संबोधित; प्रत्याशी के नाम का भी होगा ऐलान

नोएडा। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों को लेकर गौतमबुद्धनगर में राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। समाजवादी पार्टी और भाजपा के बड़े कार्यक्रमों के बाद अब बहुजन समाज पार्टी जेवर विधानसभा क्षेत्र में कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित करने जा रही है। पार्टी के राष्ट्रीय चीफ कोऑर्डिनेटर आकाश आनंद सम्मेलन को संबोधित करेंगे। गृहजनपद गौतमबुद्धनगर में आकाश आनंद की यह पहली बड़ी जनसभा होगी।

दनकौर स्थित आदर्श इंटर कॉलेज के खेल मैदान में बसपा ने जेवर विधानसभा क्षेत्र का कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित किया है। पार्टी की ओर से कार्यक्रम को लेकर व्यापक तैयारियां की गई हैं। सम्मेलन को मिशन 2027 के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

गौतमबुद्धनगर बसपा के लिए राजनीतिक रूप से महत्वपूर्ण जिला है, क्योंकि यह पार्टी सुप्रीमो मायावती का गृहजनपद है। ऐसे में आकाश आनंद के कार्यक्रम पर पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ राजनीतिक दलों की भी नजर रहेगी।

बसपा के राष्ट्रीय महासचिव मुनकाद अली के मुताबिक पार्टी के राष्ट्रीय चीफ कोऑर्डिनेटर आकाश आनंद सम्मेलन को संबोधित करेंगे। कार्यक्रम के दौरान संगठन को मजबूत करने, कार्यकर्ताओं को विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुटाने और पार्टी की चुनावी रणनीति को लेकर संदेश दिए जाने की उम्मीद है।

गौतमबुद्धनगर में पिछले कुछ समय से राजनीतिक दलों की सक्रियता बढ़ी है। समाजवादी पार्टी और भाजपा ने अपने बड़े राजनीतिक कार्यक्रमों के लिए दादरी विधानसभा क्षेत्र को चुना था, जबकि बसपा अपने पहले बड़े कार्यक्रम के लिए जेवर विधानसभा क्षेत्र में उतर रही है।

इस कार्यकर्ता सम्मेलन की सबसे महत्वपूर्ण बात जेवर विधानसभा सीट से बसपा प्रत्याशी की घोषणा होगी। पार्टी सम्मेलन के मंच से आगामी विधानसभा चुनाव के लिए अपने उम्मीदवार के नाम का ऐलान करने की तैयारी में है।

पार्टी से जुड़े सूत्रों के मुताबिक बसपा सतवीर नागर को जेवर विधानसभा सीट से प्रत्याशी घोषित कर सकती है। सतवीर नागर पूर्व में गौतमबुद्धनगर लोकसभा सीट से चुनाव लड़ चुके हैं। उनके नाम की घोषणा होने पर बसपा जेवर में चुनाव से काफी पहले अपने उम्मीदवार को मैदान में उतार देगी।

सतवीर नागर के संभावित नाम को क्षेत्र के जातीय और राजनीतिक समीकरणों से भी जोड़कर देखा जा रहा है। उनके जरिए बसपा जेवर विधानसभा क्षेत्र में गुर्जर मतदाताओं के बीच अपनी पकड़ मजबूत करने की रणनीति अपना सकती है।

नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के कारण जेवर विधानसभा क्षेत्र का राजनीतिक और आर्थिक महत्व भी तेजी से बढ़ा है। एयरपोर्ट के साथ क्षेत्र में औद्योगिक, आवासीय और बुनियादी ढांचे की कई बड़ी परियोजनाएं विकसित हो रही हैं। ऐसे में 2027 के विधानसभा चुनाव में जेवर सीट भाजपा, बसपा, सपा सहित प्रमुख राजनीतिक दलों के लिए महत्वपूर्ण मुकाबले वाली सीटों में शामिल रहने की संभावना है।

Hot this week

Mathura : अयोध्या-काशी की तर्ज पर संवरेगा ब्रज- सीएम योगी

Mathura : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि अयोध्या...

Lucknow : शिक्षकों के सम्मान में सभी वन प्रभाग लगाएंगे ‘एक पेड़ गुरु के नाम’

Lucknow : योगी सरकार ने एक तरफ पौधरोपण महायज्ञ-2026...

Topics

Mathura : अयोध्या-काशी की तर्ज पर संवरेगा ब्रज- सीएम योगी

Mathura : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि अयोध्या...
spot_img

Related Articles

Popular Categories

spot_imgspot_img