Bihar : दरभंगा में आपसी विवाद में युवक की पीट-पीटकर हत्या, बीच-बचाव में एएसआई को लगी गोली, गांव में पुलिस बल तैनात

Bihar/Darbhanga (मृत्युंजय) : बहादुरपुर थाना क्षेत्र के ओझौल गांव में शुक्रवार की सुबह आपसी विवाद ने खूनी रूप ले लिया। लाठी, डंडे और धारदार हथियार से हुए हमले में 25 वर्षीय सुनील सहनी की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। घटना के दौरान बीच-बचाव करने पहुंचे बिहार पुलिस के एएसआई मोबिन को गोली लग गई, जिनका इलाज दरभंगा के एक निजी अस्पताल में चल रहा है।

मृतक के परिजनों का आरोप है कि सुबह फोन कर सुनील को घर से बुलाया गया और पहले से घात लगाए लोगों ने उस पर हमला कर दिया। कुछ देर बाद शिव मंदिर के पास उसका शव बरामद हुआ। परिजनों ने गांव के सोनू, मोनू, राहुल समेत करीब 10 लोगों को नामजद करते हुए हत्या का आरोप लगाया है।

घटना की सूचना मिलते ही बहादुरपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। शव को पोस्टमार्टम के लिए डीएमसीएच भेजा गया, जबकि एफएसएल टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। डीआईजी मनोज कुमार और एसएसपी जगुनाथ रेड्डी ने भी मौके का निरीक्षण किया। एसडीपीओ राजीव कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आपसी विवाद का प्रतीत होता है। गांव में स्थिति सामान्य है और एहतियात के तौर पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।

पुलिस के अनुसार मृतक सुनील सहनी के खिलाफ पूर्व में हत्या के प्रयास, मारपीट सहित कई आपराधिक मामले दर्ज थे। पुलिस ने यह भी बताया कि उसने गांव की एक युवती से विवाह किया था, जिससे स्थानीय स्तर पर नाराजगी की बात भी सामने आई है। हालांकि पुलिस का कहना है कि हत्या के पीछे वास्तविक कारणों की निष्पक्ष जांच की जा रही है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर छापेमारी जारी है।

Hot this week

Topics

spot_img

Related Articles

Popular Categories

spot_imgspot_img