
Nawada (मृत्युंजय) : बिहार-झारखंड सीमा स्थित रजौली के चितरकोली समेकित जांच चौकी पर उत्पाद विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक मिनी कंटेनर ट्रक के गुप्त तहखाने से 279.87 किलो गांजा बरामद किया है। जब्त गांजे की कीमत करीब 3 करोड़ रुपये आंकी गई है। मामले में पंजाब के दो तस्करों को गिरफ्तार किया गया है।
जानकारी के अनुसार, उत्पाद विभाग की टीम ने जांच के दौरान संदिग्ध मिनी कंटेनर ट्रक को रोका और तलाशी ली। तलाशी में वाहन में बने गुप्त तहखाने से भारी मात्रा में गांजा छिपाकर रखा हुआ मिला। पूछताछ में पता चला कि यह खेप हजारीबाग से पटना के जीरो माइल पहुंचाई जानी थी।
उत्पाद विभाग ने एनडीपीएस एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर तस्करी नेटवर्क की जांच शुरू कर दी है। गिरफ्तार तस्करों से पूछताछ की जा रही है ताकि इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों तक पहुंचा जा सके।





