राज्यबिहारराज्य

Bihar : सुपौल में धर्म परिवर्तन कराने का आरोप, नेपाल से आई टीम पर एफआईआर दर्ज

Supaul (मृत्युंजय) : वीरपुर थाना क्षेत्र के बनेलीपट्टी पंचायत स्थित गीदरमारी वार्ड संख्या 5 में कथित धर्म परिवर्तन को लेकर हंगामा हुआ। स्थानीय लोगों ने नेपाल से आए चार लोगों पर प्रार्थना सभा के जरिए ग्रामीणों को ईसाई धर्म अपनाने के लिए प्रेरित करने और प्रलोभन देने का आरोप लगाया। सूचना पर पहुंची पुलिस सभी को पूछताछ के लिए थाने ले गई। पुलिस ने आवेदन मिलने के बाद सुसंगत धाराओं में कार्रवाई शुरू कर दी है।

स्थानीय लोगों के अनुसार कार्यक्रम किशुनदेव राम के घर पर चल रहा था, जिसमें करीब 30 से 40 लोग मौजूद थे। ग्रामीणों का कहना है कि बैठक की जानकारी मिलते ही उन्होंने विरोध किया और पुलिस को सूचना दी। इसके बाद वीरपुर थाने में आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की गई। आवेदन में रामानंद शाह तेली, मंगल देवी विश्वकर्मा, उर्मिला देवी यादव और हंसा देवी चौधरी सहित चार लोगों के नाम शामिल हैं।

ग्रामीणों का आरोप है कि यह गतिविधि बसंतपुर प्रखंड और भारत-नेपाल सीमा से सटे क्षेत्रों में पिछले कई वर्षों से गोपनीय तरीके से चल रही है। उनका कहना है कि विभिन्न गांवों में छोटी-छोटी बैठकें कर लोगों, खासकर महिलाओं को धार्मिक प्रवचन सुनाए जाते हैं। आरोप है कि इन बैठकों में बेहतर जीवन, बीमारी से मुक्ति, आर्थिक समृद्धि और अन्य सुविधाओं का भरोसा देकर लोगों को धर्म परिवर्तन के लिए प्रेरित किया जाता है।

स्थानीय लोगों के मुताबिक सोमवार को नेपाल के सप्तरी जिले से चार सदस्यीय टीम सार्वजनिक परिवहन से भंटाबारी पहुंची। वहां से पैदल सीमा पार कर भीमनगर आई और फिर टेंपो से बनेलीपट्टी पहुंची। ग्रामीणों का आरोप है कि यह टीम पहले से संपर्क में रहे परिवारों के यहां प्रार्थना सभा आयोजित कर रही थी। हंगामे के बाद पुलिस ने सभी को सुरक्षा के बीच थाने पहुंचाया।

हालांकि नेपाल से आए लोगों ने सभी आरोपों को खारिज किया है। उनका कहना है कि वे किसी प्रकार का धर्म परिवर्तन नहीं कराते, बल्कि समाज सेवा और धार्मिक प्रवचन का काम करते हैं। उनका दावा है कि लोग अपनी इच्छा से प्रार्थना सभा में शामिल होते हैं और किसी पर कोई दबाव नहीं डाला जाता। उन्होंने बताया कि उनकी टीम नियमित रूप से लोगों के बीच आध्यात्मिक संदेश देने का काम करती है और इसमें शामिल होना पूरी तरह स्वैच्छिक है।

ग्रामीणों का यह भी आरोप है कि क्षेत्र के कई गांवों में हर सप्ताह प्रार्थना सभा आयोजित की जाती है, जहां लोगों को यीशु मसीह की शिक्षाओं से परिचित कराया जाता है। आरोप है कि इन सभाओं के माध्यम से लोगों को विभिन्न आश्वासन देकर ईसाई धर्म अपनाने के लिए प्रेरित किया जाता है। हालांकि इन आरोपों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है और मामले की जांच पुलिस कर रही है।

स्थानीय लोगों ने दावा किया कि बसंतपुर प्रखंड के हृदयनगर, बनेलीपट्टी, बसंतपुर, सातनपट्टी, भगवानपुर और भीमनगर सहित कई पंचायतों में इस तरह की गतिविधियां पहले भी सामने आती रही हैं। उन्होंने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर कार्रवाई की मांग की है।

वीरपुर थानाध्यक्ष संजय दास ने बताया कि प्राप्त आवेदन के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी गई है। उन्होंने कहा कि प्रथम दृष्टया तथ्यों की जांच की जा रही है और जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके अनुरूप सुसंगत धाराओं में विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी। पुलिस का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाएगी और किसी भी पक्ष के साथ अन्याय नहीं होने दिया जाएगा।

Related Articles

Back to top button