उत्तर प्रदेश : हापुड़ से बड़ी खबर, पुराने हाईवे पर सड़क हादसा, कार सवार 5 लोग घायल, सभी की हालत नाजुक

Hapur News : थाना बाबूगढ़ क्षेत्र में पुराने हाईवे पर शिव ढाबा के पास शनिवार देर रात एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। जहां अज्ञात वाहन ने एक कार में जोरदार टक्कर मार दी, जिससे कार के परखच्चे उड़ गए। इस हादसे में कार सवार 5 युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए घायलों को अस्पताल पहुंचाया, जहां उनकी हालत गंभीर देखते हुए मेरठ के एक अस्पताल में रेफर कर दिया गया।

कैसे हुआ हादसा

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार नगर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला अतरपुरा निवासी वरुण, कुणाल, प्रथम, अपने दोस्त दिल्ली निवासी राहुल और मेरठ निवासी अन्नू के साथ बाबूगढ़ थाना क्षेत्र के एक होटल में खाना खाने गए थे। देर रात में खाना खाने के बाद जब वे वापस लौट रहे थे, तभी पुराने हाईवे पर शिव ढाबा के पास एक अज्ञात वाहन ने उनकी कार में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। इस हादसे के बाद मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत बाबूगढ़ थाना पुलिस को हादसे की सूचना दी।सूचना मिलते ही थाना प्रभारी विजय गुप्ता अपनी पुलिस टीम के साथ तत्काल मौके पर पहुंचे। पुलिस ने एम्बुलेंस की मदद से घायलों को गंभीर हालत में सरकारी अस्पताल में भर्ती कराकर घायलों के परिजनों को हादसे की जानकारी दी। सूचना मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंच गए। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद घायलों की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें मेरठ के एक अस्पताल में रेफर कर दिया।

क्या बोली पुलिस

थाना प्रभारी विजय गुप्ता ने बताया कि घायलों को अस्पताल में भर्ती करा दिया गया है। इस हादसे को लेकर मामले की जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस अज्ञात वाहन और उसके चालक की तलाश में जुट गई है। उन्होंने कहा कि तहरीर मिलने पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जाएगा।

Hot this week

Topics

spot_img

Related Articles

Popular Categories

spot_imgspot_img