बेटियों के साथ दरिंदगी करने वालों का गैंग बन चुकी है सपा: सीएम योगी

18 सितंबर, लखनऊ/गाजियाबाद। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि सपा बेटियों के साथ दरिंदगी करने वालों का गैंग बन चुकी है। पिछले कुछ दिनों में बेटियों की सुरक्षा के साथ खिलवाड़ करने वाले जितने भी दरिंदे पकड़े गए हैं, उन सबके संबंध समाजवादी पार्टी से हैं। उन्होंने कहा कि अपने संस्कार के अनुरूप सपा के नेता भारत की धर्म और संस्कृति के प्रतीक धर्माचार्यों को माफिया बोल रहे हैं। इनके अंदर औरंगजेब की आत्मा घुस चुकी है। सीएम योगी ने कहा कि कांग्रेस और सपा भस्मासुर हैं, जब भी जनता ने इन्हें शक्ति प्रदान की इन्होंने उसी शक्ति का दुरुपयोग जनता की आस्था पर प्रहार करने के लिए किया।

सीएम योगी बुधवार को गाजियाबाद के रामलीला ग्राउंड घंटाघर में आयोजित वृहद रोजगार मेला के कार्यक्रम में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने 10,000 से अधिक युवाओं को नियुक्ति पत्र, 632 लाभार्थियों को ₹327 करोड़ से अधिक का ऋण एवं 6,000 से अधिक युवाओं को टैबलेट/स्मार्टफोन का वितरण किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सीएम योगी ने कहा कि प्रदेश में आयोजित हो रहे रोजगार मेला प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मिशन रोजगार को एक नई ऊंचाई प्रदान कर रहा है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश की जनता को आज भी 2017 के पहले की सरकारों की कारगुजारियां याद आती हैं।

सीएम योगी ने कहा कि माफिया और दंगाई विपक्षियों की कमाई का जरिया थे, जब किसी की कमाई पर हमला होता है तो उसका गैंग लीडर उग्र हो जाता है। फिर वह सामान्य शिष्टाचार को भूलकर अनर्गल प्रलाप करने लगता है। माफिया और दंगाई के गायब होने से आज उनके आका परेशान हो गए हैं। उन्होंने कहा कि सपा और कांग्रेस जाति के नाम पर वर्ग संघर्ष कराकर दंगाइयों को लूटपाट करने की छूट देंगे। सीएम योगी ने कहा कि डबल इंजन की सरकार समाजवादी पार्टी के इस मॉडल को ध्वस्त करने का कार्य करेगी। उन्होंने कहा कि आने वाले तीन वर्ष उत्तर प्रदेश के लिए महत्वपूर्ण है। तीन वर्ष में उत्तर प्रदेश को देश में नंबर एक की अर्थव्यवस्था बनाना है।

सीएम योगी ने कहा कि 2014 के पहले केंद्र की कांग्रेस सरकार हिंदुओं को दबाने के लिए कानून बना रही थी। रामसेतु को तोड़ने की योजना पर कार्य कर रही थी। अयोध्या में राम मंदिर बनने के मार्ग में बाधक बन रही थी। कश्मीर में उग्रवाद को पनपा रही थी। देश की सुरक्षा में सेंध लगा रही थी। वहीं 2017 के पहले उत्तर प्रदेश में सपा भी कांग्रेस के नक्शेकदम पर चल रही थी। गुंडागर्दी और अराजकता चरम पर थी। हर दूसरे दिन प्रदेश में कहीं न कहीं दंगे होते थे। उन्होंने कहा कि दुर्दांत अपराधी, वन माफिया, पशु माफिया और भू-माफिया के सामने सपा के नेता घुटने टेककर नाक रगड़ते थे।

सीएम योगी ने कहा कि पूर्ववर्ती सरकारें प्रदेश के युवाओं का शोषण करती थीं। उनके कार्यकाल में किसान आत्महत्या के लिए मजबूर थे और व्यापारियों को पलायन करना पड़ता था। सपा के कारण ही कैराना और कांधला से हिंदू व्यापारियों को पलायन करना पड़ा था। बेटी की सुरक्षा खतरे में पड़ गई थी। उन्होंने कहा कि आज नए भारत के नए उत्तर प्रदेश में बेटी भी सुरक्षित है और व्यापारी का सम्मान होता है। युवाओं के लिए रोजगार है तो किसान भी आत्मसम्मान के साथ आगे बढ़ रहा है। सीएम योगी ने कहा कि अगर किसी ने युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ किया तो उसके भविष्य के साथ सरकार खिलवाड़ करेगी। उन्होंने कहा कि अगर कोई युवाओं के सपने में रोड़ा बनने का कार्य करेगा तो सरकार उस रोड़े को जड़ से उखड़कर फेंक देगी और उसकी संपत्ति को जब्त कर गरीबों में बांट देगी।

सीएम योगी ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व भारत दुनिया की तीसरे नंबर की अर्थव्यवस्था बनने की ओर अग्रसर है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में डबल इंजन सरकार साढ़े सात साल में साढ़े छह लाख से ज्यादा युवाओं को सरकारी नौकरी दे चुकी है। उत्तर प्रदेश के इतिहास में पहली बार 40 लाख करोड़ रुपए से ज्यादा के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं। इससे लगभग प्रदेश के डेढ़ करोड़ युवाओं को नौकरी मिलेगी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना के तहत डबल इंजन सरकार अगले कुछ वर्षों के अंदर 10 लाख युवाओं को पहले पांच लाख और दूसरे चरण में 10 लाख रुपए का ब्याजमुक्त ऋण उपलब्ध कराने जा रही है।

शायरी के माध्यम से भी कांग्रेस और सपा पर किया हमला
सीएम योगी ने अपने संबोधन में शायरी के माध्यम से भी कांग्रेस और सपा पर हमला किया। उन्होंने कहा कि- नजर नहीं है नजारों की बात करते हैं, जमीं पे चांद-सितारों की बात करते हैं। वो हाथ जोड़कर बस्ती को लूटने वाले, भरी सभा में सुधारों की बात करते हैं…। सीएम योगी ने आगे कहा कि कांग्रेस और सपा ने उत्तर प्रदेश को सिर्फ लूटा है। आज दो लड़कों की जोड़ी प्रदेश को गुमराह करने के लिए आई है। अपने परिवार के सिवाय इन्होंने किसी का कभी हित नहीं किया है।

साढ़े सात वर्ष में बदली गाजियाबाद की तस्वीर
सीएम योगी ने कहा कि साढ़े सात वर्ष पहले गाजियाबाद में गंदगी का अंबार था, अराजकता थी, माफिया की समानांतर सरकार चलती थी, गुंडा टैक्स वसूला जाता था। वहीं डबल इंजन सरकार में आज गाजियाबाद स्मार्ट सिटी बन चुका है। आज यहां 12 लेन का हाइवे है। देश की पहली रैपिड रेल और मेट्रो है, जल्द ही एम्स दिल्ली का सेटेलाइट सेंटर यहां शुरु करने जा रहे हैं। आज गाजियाबाद उत्तर प्रदेश का पोटेंशियल बनता जा रहा है, जहां निवेश, रोजगार और आधुनिक इन्फ्रास्ट्रक्चर सब कुछ है। गाजियाबाद दुग्धेश्वर महादेव का सुंदरीकरण किया गया है।

कार्यक्रम में सीएम योगी के साथ इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी विभाग के मंत्री सुनील कुमार शर्मा, व्यावसायिक शिक्षा के राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार कपिल देव अग्रवाल, लोक निर्माण विभाग के राज्य मंत्री बृजेश सिंह, सांसद अतुल गर्ग, पूर्व केंद्रीय मंत्री जनरल वीके सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष ममता त्यागी, महापौर सुनीता दयाल सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद थे।

Hot this week

Big Indian AI SuperChip Dream: Bharatiya Chips Powering the Electronic Revolution

Indian firms are thus in a position to help...

Gorakhpur : गुरु गोरखनाथ का पूजन कर विजयादशमी शोभायात्रा निकालेंगे गोरक्षपीठाधीश्वर

Gorakhpur : विजयादशमी (दशहरा) का पावन पर्व गोरक्षपीठ की...

Topics

Lucknow : योगी सरकार में समावेशी शिक्षा को नई दिशा, प्रशस्त 2.0 से जुड़े 9.20 लाख शिक्षक

Lucknow : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर...
spot_img

Related Articles

Popular Categories

spot_imgspot_img