General VN Sharma: पूर्व थल सेनाध्यक्ष जनरल वी.एन. शर्मा के निधन पर मुख्यमंत्री सुक्खू ने जताया शोक
हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने पूर्व थल सेनाध्यक्ष जनरल वी.एन. शर्मा के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। 97 वर्षीय जनरल वी.एन. शर्मा हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले के डाड गांव के निवासी थे। उन्होंने वर्ष 1988 से 1990 तक भारतीय थल सेना के प्रमुख के रूप में अपनी सेवाएं दी थीं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जनरल वी.एन. शर्मा एक उत्कृष्ट, दूरदर्शी सैन्य नायक और सच्चे राष्ट्रभक्त थे, जिन्होंने अदम्य साहस, समर्पण और उत्कृष्टता के साथ राष्ट्र की सेवा की। उन्होंने कहा कि भारतीय सशस्त्र बलों को मजबूत बनाने और देश की संप्रभुता की रक्षा में उनके अमूल्य योगदान को हमेशा सम्मान और कृतज्ञता के साथ याद किया जाएगा।
ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने कहा कि जनरल वी.एन. शर्मा का जीवन निःस्वार्थ सेवा, अनुशासन और राष्ट्र के प्रति अटूट समर्पण का प्रेरणादायक उदाहरण है। उनका नेतृत्व और कर्तव्यनिष्ठा आने वाली पीढ़ियों के सैन्य अधिकारियों और जवानों को निरंतर प्रेरित करती रहेगी।
मुख्यमंत्री ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना करते हुए शोक संतप्त परिवार के प्रति गहरी संवेदनाएं व्यक्त कीं और इस अपूरणीय क्षति को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की कामना की।


