दिल्ली

AIIMS NDDTC: ‘शराब की लत बीमारी है, सही इलाज से संभव है छुटकारा’ : डॉ. अंजू धवन

AIIMS NDDT: ‘शराब की लत बीमारी है, सही इलाज से संभव है छुटकारा’ : डॉ. अंजू धवन

नई दिल्ली। अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान के राष्ट्रीय औषधि निर्भरता उपचार केंद्र (NDDTC) की प्रमुख डॉ. अंजू धवन ने कहा है कि शराब की लत कोई चरित्र की कमजोरी नहीं, बल्कि एक गंभीर बीमारी है, जिसका सही इलाज और सहयोग मिलने पर पूरी तरह उपचार संभव है।

वह Alcoholics Anonymous (एए) दिल्ली इंटरग्रुप द्वारा विश्व युवक केंद्र में आयोजित ‘एए एलकाथन 2026’ कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि बोल रही थीं। उन्होंने कहा कि एम्स में आने वाले कई मरीज पहले से ही निराश होते हैं, लेकिन उचित इलाज, काउंसलिंग और मजबूत सपोर्ट सिस्टम के जरिए उन्हें नशे से बाहर लाया जा सकता है।

कार्यक्रम में विशेषज्ञों ने बताया कि शराब की लत मानसिक और शारीरिक दोनों स्तरों पर असर डालती है। इसे दो भागों में समझा जाता है—‘मेंटल ऑब्सेशन’, जिसमें व्यक्ति बार-बार शराब की ओर आकर्षित होता है, और ‘फिजिकल एलर्जी’, जिसमें शरीर शराब मिलने पर नियंत्रण खो देता है।

इस दौरान एए के सदस्यों ने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि सामूहिक सहयोग, समझ और नियमित प्रयास से नशे की लत से बाहर निकलना संभव है। विशेषज्ञों के अनुसार, बार-बार शराब छोड़ने में असफल होना, पीने के बाद पछतावा, दिन में पीना शुरू करना, हाथों का कांपना और याददाश्त कमजोर होना इसके प्रमुख संकेत हैं।

कार्यक्रम में मौजूद दीपक कुमार ने बताया कि Alcoholics Anonymous एक वैश्विक संस्था है, जो 183 देशों में सक्रिय है और लाखों लोगों को नशे की लत से बाहर निकालने में मदद कर रही है। भारत में भी हजारों लोग इसके जरिए संयमित और स्वस्थ जीवन की ओर लौट रहे हैं।

विशेषज्ञों का कहना है कि यदि समय रहते इलाज और सही मार्गदर्शन मिल जाए, तो शराब की लत से जूझ रहे लोग भी सामान्य और सम्मानजनक जीवन जी सकते हैं।

Nari Shakti Vandan Adhiniyam Protest: ‘नारी शक्ति वंदन अधिनियम’ को लेकर शाहदरा में महिलाओं का प्रदर्शन, राहुल गांधी का पुतला दहन

Related Articles

Back to top button