Gaur City Mall Fire: गौड़ सिटी मॉल परिसर में पेड़ पर लगी झालर में आग, कर्मचारियों ने समय रहते पाया काबू
ग्रेटर नोएडा के बिसरख कोतवाली क्षेत्र स्थित गौड़ सिटी मॉल परिसर में खड़े एक पेड़ पर लटकी सजावटी झालर में शॉर्ट सर्किट से आग लग गई। आग की लपटें देखकर मॉल परिसर में मौजूद कर्मचारियों और प्रबंधन ने फायर सेफ्टी सिस्टम की मदद से आग पर काबू पा लिया। राहत की बात यह रही कि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई।
बताया जा रहा है कि शुक्रवार सुबह करीब नौ बजे मॉल के मुख्य गेट के बाहर पेड़ पर लगी झालर में शॉर्ट सर्किट होने से आग लग गई, जिसकी चपेट में पेड़ की टहनियां भी आ गईं। जानकारी मिलते ही मॉल प्रबंधन के कर्मचारियों में हड़कंप मच गया। कर्मचारियों ने मॉल के अग्निशमन उपकरणों का इस्तेमाल कर समय रहते आग बुझा दी।
प्रभारी निरीक्षक रणजीत सिंह ने बताया कि पेड़ पर लटकी सजावटी लाइट में शॉर्ट सर्किट के कारण आग लगी थी। समय रहते इस पर काबू पा लिया गया, जिससे कोई बड़ा नुकसान नहीं हुआ।





