Dadri Police Encounter: मुठभेड़ के बाद बंद मकानों में चोरी करने वाले गिरोह के दो शातिर चोर गिरफ्तार
दादरी कोतवाली पुलिस ने बंद पड़े मकानों में चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाले एक गिरोह का पर्दाफाश करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में एक आरोपी पैर में गोली लगने से घायल हो गया, जबकि दूसरे आरोपी को इलाके में कांबिंग के दौरान पकड़ा गया। गिरोह के दो अन्य सदस्य अंधेरे का फायदा उठाकर भागने में सफल रहे। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी के जेवरात, नकदी, हथियार और एक स्विफ्ट कार बरामद की है।
पुलिस के अनुसार दादरी पुलिस की एक विशेष टीम सेक्टर ज्यू-3 के आसपास चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान चार लोगों से भरी एक स्विफ्ट कार आती दिखाई दी। पुलिस ने कार को रुकने का इशारा किया, लेकिन चालक गाड़ी मोड़कर भागने लगा। पुलिस ने पीछा किया तो खुद को घिरता देख कार सवार चारों लोग गाड़ी छोड़कर पैदल भागने लगे। पुलिस का कहना है कि भागते समय आरोपियों ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग की, जिसके जवाब में पुलिस ने आत्मरक्षार्थ कार्रवाई की।
जवाबी कार्रवाई में दादरी की काशीराम कॉलोनी निवासी राजेंद्र के बेटे अजय के पैर में गोली लगी और पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद कांबिंग अभियान चलाकर काशीराम कॉलोनी के ही रहने वाले मुस्तकीम के बेटे समीर को भी दबोच लिया गया। घायल अजय को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है।
पुलिस के अनुसार आरोपियों के कब्जे से .315 बोर का एक तमंचा, एक जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस और एक चाकू बरामद हुआ है। इसके अलावा दो जोड़ी सफेद धातु की पायल, सफेद धातु के चार सिक्के, पीली धातु की एक अंगूठी, सफेद धातु का एक कड़ा, पीली धातु की चेन का एक टुकड़ा, छह हजार रुपये नकद और वारदात में इस्तेमाल स्विफ्ट कार भी जब्त की गई है।
पुलिस के मुताबिक पूछताछ में दोनों आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे अपने दो फरार साथियों के साथ मिलकर चोरी करते थे और करीब दो महीने पहले तक बंद मकानों को निशाना बनाते रहे। आरोपियों ने ओमीक्रोन-1, ओमीक्रोन-2, म्यू-01, म्यू-02 और पिंक सिटी दादरी इलाकों में बंद घरों के ताले और सेफ अलमारी तोड़कर नकदी व जेवरात चोरी करने की बात कबूल की है। पुलिस के अनुसार आरोपियों ने दादरी क्षेत्र में दर्ज चोरी के चार मुकदमों में संलिप्तता स्वीकार की है, जिनमें 4 सितंबर, 19 सितंबर और 6 अक्टूबर को दर्ज मुकदमे शामिल हैं।
पुलिस ने बताया कि आरोपी अजय का लंबा आपराधिक इतिहास है। उसके खिलाफ वर्ष 2018 से 2026 तक दादरी थाने में आर्म्स एक्ट, चोरी, अपहरण, एनडीपीएस एक्ट और आबकारी अधिनियम समेत विभिन्न धाराओं में कुल 19 मुकदमे दर्ज हैं। वहीं समीर के खिलाफ चोरी के चार मुकदमे दर्ज हैं, जिनका संबंध इसी गिरोह की वारदातों से बताया गया है। पुलिस टीम अब फरार दोनों आरोपियों की तलाश में जुटी है।





