Noida Authority Action: शफीपुर के डूब क्षेत्र में 8 हजार वर्गमीटर अवैध निर्माण ध्वस्त, नोएडा प्राधिकरण का बड़ा अभियान
रिपोर्ट: अजीत कुमार
नोएडा । नोएडा प्राधिकरण ने शफीपुर स्थित डूब क्षेत्र में अवैध निर्माणों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए लगभग 8 हजार वर्गमीटर जमीन पर किए गए निर्माणों को ध्वस्त कर दिया। नोएडा प्राधिकरण के सीईओ कृष्णा करुणेश के दिशा-निर्देशों के अनुपालन में सर्किल-10 की टीम ने पुलिस बल के सहयोग से यह ध्वस्तीकरण अभियान चलाया। इस दौरान खसरा संख्या 71, 72, 73 और 75 पर किए गए अवैध निर्माणों को पूरी तरह हटाया गया।
प्राधिकरण के अनुसार, कार्रवाई के दायरे में आने वाली भूमि का कुल क्षेत्रफल लगभग 8,000 वर्गमीटर था। अभियान के दौरान संबंधित जमीन पर किए गए अवैध निर्माणों को ध्वस्त कर डूब क्षेत्र को अतिक्रमण मुक्त कराने की कार्रवाई की गई। पूरी कार्रवाई पुलिस बल की मौजूदगी में की गई, ताकि अभियान को व्यवस्थित तरीके से पूरा किया जा सके।
नोएडा प्राधिकरण ने आमजन से अपील की है कि डूब क्षेत्र में किसी भी प्रकार का अवैध निर्माण न करें और न ही ऐसी जमीन की खरीद-फरोख्त में शामिल हों। प्राधिकरण ने स्पष्ट किया है कि डूब क्षेत्र में नियमों का उल्लंघन कर निर्माण करने वालों के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। प्राधिकरण की इस कार्रवाई का उद्देश्य डूब क्षेत्र में अवैध निर्माण और अतिक्रमण पर रोक लगाना है।





