Hapur News : हापुड़ में रविवार को यातायात माह नवंबर 2026 का शुभारंभ हुआ। पुलिस अधीक्षक मधुबन सिंह ने जागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली में एनसीसी के छात्र छात्राओं और पुलिसकर्मियों ने भाग लिया।
कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक ने पुलिस अधिकारियों, कर्मचारियों और एनसीसी के छात्र छात्राओं से यातायात नियमों का पालन करने और दूसरों को भी जागरूक करने की अपील की। उन्होंने कहा कि सड़क पर सुरक्षित चलना हर नागरिक की जिम्मेदारी है।
उन्होंने कहा कि दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट पहनना, कार में सीट बेल्ट लगाना, तय गति सीमा में वाहन चलाना और ड्राइविंग के दौरान मोबाइल फोन का इस्तेमाल न करना बेहद जरूरी है। रैली के माध्यम से लोगों को हेलमेट पहनने, सीट बेल्ट लगाने, तेज गति और गलत दिशा में वाहन न चलाने तथा यातायात संकेतों का पालन करने का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम में अपर पुलिस अधीक्षक, क्षेत्राधिकारी यातायात सहित अन्य पुलिस अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। पुलिस विभाग द्वारा पूरे नवंबर माह में सड़क सुरक्षा को लेकर जागरूकता अभियान चलाया जाएगा।





