Hapur News : हापुड़ के असरा गांव के पास देर रात भैंस खरीदने जा रहे दो भाइयों से हथियारबंद बदमाशों ने 2.40 लाख रुपये लूट लिए। बदमाशों ने पहले पेट्रोल खत्म होने का बहाना बनाकर उनका छोटा हाथी वाहन रुकवाया और फिर हथियार दिखाकर दोनों को बंधक बना लिया। विरोध करने पर मारपीट कर जान से मारने की धमकी दी और अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए।
मेरठ के मुंडाली थाना क्षेत्र के लोटी गांव निवासी संदीप और उसका भाई आकाश शनिवार रात छोटा हाथी से भैंस खरीदने मथुरा जा रहे थे। रास्ते में असरा के पास एक बाइक सवार युवक ने पेट्रोल खत्म होने की बात कहकर मदद मांगी। दोनों ने वाहन रोका तो पहले से घात लगाए चार अन्य बदमाश वहां पहुंच गए और वारदात को अंजाम दिया।
सूचना मिलते ही एसपी मधुबन कुमार सिंह, एएसपी महेश कुमार, सीओ सिटी दीपक चतुर्वेदी और थाना प्रभारी पारस मलिक पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने पीड़ित भाइयों से जानकारी ली और घटनास्थल का निरीक्षण किया। रात में ही आसपास के जंगलों और संभावित ठिकानों पर तलाशी ली गई लेकिन बदमाशों का पता नहीं चला।
एएसपी महेश कुमार ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए दो विशेष टीमें बनाई गई हैं और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।





