Hapur News : हापुड़ के बहादुरगढ़ थाना क्षेत्र के पूठ गांव में गंगा नदी के टापू की जमीन पर खेत की मेड़ जोतने को लेकर दो पक्षों में विवाद हो गया। शुक्रवार शाम गांव निवासी अली अकबर अपने खेत की जुताई कर रहा था। आरोप है कि जुताई के दौरान उसने गांव के ही कमल के खेत की मेड़ भी जोत दी, जिसका कमल और उसके साथियों ने विरोध किया। विरोध करने पर अली अकबर ने ट्रैक्टर से उन्हें कुचलने की कोशिश की।
सूचना मिलने पर बहादुरगढ़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी अली अकबर को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल ट्रैक्टर को भी बरामद कर थाने भिजवा दिया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। एएसपी महेश कुमार ने बताया कि पीड़ित पक्ष की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।





