Bulandshahar (अवनीश त्यागी) : बुलंदशहर के अनूपशहर विधानसभा क्षेत्र के गांव खलोर स्थित स्टेडियम में आयोजित बसपा के कार्यकर्ता सम्मेलन में आकाश आनंद ने भाजपा, सपा और कांग्रेस पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि भाजपा सात हजार करोड़ रुपये विज्ञापन पर खर्च कर विकसित और शिक्षित उत्तर प्रदेश का दावा करती है, जबकि जमीनी हकीकत कुछ और है।
आरक्षण के मुद्दे पर कांग्रेस और सपा को घेरते हुए आकाश आनंद ने कहा कि आरक्षण बचाने के लिए कांग्रेसी और सपाई जंतर-मंतर पर नहीं पहुंचे थे। उन्होंने कांग्रेस को दोगली पार्टी बताते हुए राहुल गांधी को कंफ्यूज नेता बताया। वहीं सपा पर निशाना साधते हुए कहा कि अखिलेश यादव पीडीए की परिभाषा और रंग बदलने में माहिर हैं।
मंच से मायावती को भरोसा दिलाते हुए आकाश आनंद ने कहा कि वे समाज के लिए लगातार मेहनत और तपस्या करते रहेंगे। उनका लक्ष्य बहुजन समाज को देश का शासक बनते देखना है और जब तक यह लक्ष्य पूरा नहीं होता, तब तक वे चैन से नहीं बैठेंगे। उन्होंने कहा कि मायावती ने उनकी परीक्षा लेकर एक बार फिर उन्हें लोगों के बीच भेजा है।
रैली में महंगाई का मुद्दा उठाते हुए आकाश आनंद ने भाजपा सरकार पर भी जमकर निशाना साधा और कहा कि आने वाले 2027 के विधानसभा चुनाव में उत्तर प्रदेश में बसपा का परचम लहरेगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से गांव-गांव जाकर पार्टी को मजबूत करने का आह्वान किया।





