Greater Noida Land Encroachment: लखनावली में सरकारी जमीन पर कब्जे का आरोप, परिवार ने दी आत्मदाह की चेतावनी
नोएडा। गौतमबुद्ध नगर के लखनावली गांव में सरकारी जमीन पर अवैध कब्जे का मामला सामने आया है। सिंचाई विभाग और ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण की जमीन पर बहुमंजिला इमारत व मार्केट बनाने का आरोप है। कार्रवाई न होने पर पीड़ित परिवार ने एक हफ्ते में एक्शन न होने पर आत्मदाह की चेतावनी दी है।
लखनावली निवासी दिनेश ने विभाग के अधिकारियों को शिकायत दी है। इसमें खसरा संख्या 186 और पुराने खसरा संख्या 327 की 317.71 वर्गमीटर जमीन सिंचाई परियोजना के लिए ली गई थी। आरोप है कि भू-माफियाओं ने इस सरकारी जमीन पर कब्जा कर लिया है। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण की खसरा संख्या 366, 367, 368, 369, 107, 109, 364, 493 और 151/870 पर भी अवैध निर्माण जारी है। दिनेश का दावा है कि ये लोग अधिकारियों से मिलकर अवैध निर्माण कर रहे हैं। उन्होंने तुरंत जांच, निर्माण रोकने और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।
पीड़ित दिनेश का कहना है कि वह और उसका परिवार पिछले कई वर्षों से सिंचाई विभाग और प्राधिकरण के चक्कर काट रहे हैं और लगातार अधिकारियों को लिखित शिकायतें दे रहे हैं, लेकिन आज तक कोई सुनवाई नहीं हुई। मिलीभगत के चलते आरोपियों के हौसले बुलंद हैं। पीड़ित ने चेतावनी दी है कि यदि एक सप्ताह के भीतर प्रशासन ने इस अवैध कब्जे की जांच कर दोषियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई नहीं की, तो वह अपने पूरे परिवार के साथ जिला कलेक्ट्रेट पर आत्मदाह करने के लिए विवश होंगे। अब यह देखना यह है कि जिला प्रशासन, ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण और सिंचाई विभाग इस गंभीर मामले पर क्या त्वरित कदम उठाते हैं ।




