Police Traffic Booths: यमुना सिटी में सुरक्षा और यातायात प्रबंधन के लिए बनेंगे हाईटेक पुलिस व ट्रैफिक बूथ
यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यीडा) क्षेत्र में तेजी से बढ़ रहे नगरीय विस्तार, नए उद्योगों की स्थापना और इंटरनेशनल एयरपोर्ट के मद्देनजर सुरक्षा व्यवस्था को चाक-चौबंद करने के लिए कई नए पुलिस एवं यातायात बूथ स्थापित किए जाएंगे। प्राधिकरण ने प्रमुख चौराहों, मुख्य कटों और एक्सप्रेसवे के अंडरपासों के निकट इन अत्याधुनिक बूथों के निर्माण के लिए विधिवत टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी है।
यमुना विकास प्राधिकरण के महाप्रबंधक परियोजना राजेंद्र भाटी ने जानकारी देते हुए बताया कि यमुना सिटी में आवासीय, वाणिज्यिक, शैक्षिक और संस्थागत गतिविधियों का तेजी से प्रसार हो रहा है, जिसके कारण सड़कों पर वाहनों का आवागमन और आम नागरिकों की चहल-पहल कई गुना बढ़ चुकी है। ऐसे में किसी भी आपात स्थिति से निपटने, कानून व्यवस्था मजबूत रखने और वाहनों के सुगम संचालन के लिए रणनीतिक बिंदुओं पर पुलिस की चौबीसों घंटे प्रत्यक्ष मौजूदगी बेहद आवश्यक हो गई है। प्राधिकरण ने इसके लिए गलगोटिया विश्वविद्यालय तिराहा, रबूपुरा के पास खेड़ा मोड़, फलैदा कट, सबौता अंडरपास, खुर्जा अंडरपास और यमुना गौर सिटी (रोनीजा) अंडरपास सहित कई अति-व्यस्त स्थानों को चिन्हित किया है।
इन बूथों के तैयार हो जाने से स्थानीय पुलिसकर्मियों और ट्रैफिक पुलिस को चौराहों पर मुस्तैद रहने में सहूलियत होगी, मौसम के प्रभाव से बचाव मिलेगा और वायरलेस नेटवर्क व निगरानी कैमरों का संचालन भी आसान होगा। इसके अलावा दुर्घटना बाहुल्य क्षेत्रों में त्वरित राहत पहुंचाने और जाम की समस्या पर काबू पाने में भी इन पुलिस बूथों की अहम भूमिका रहेगी।





