Hapur News : नगर कोतवाली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अंतरजनपदीय पशु चोर गिरोह का खुलासा किया है। पुलिस ने गिरोह के सात सदस्यों को गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से चोरी की पांच भैंस और दो भैंस के बच्चे बरामद हुए हैं। साथ ही अवैध हथियार और चोरी में इस्तेमाल किए गए दो वाहन भी मिले हैं।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अरमान उर्फ सलमान उर्फ भैंसा निवासी कलछीना थाना भोजपुर गाजियाबाद, मनीष उर्फ चिंटू और दीपक निवासी रझेड़ा थाना सिंभावली हापुड़, सागर निवासी मुकीमपुर थाना भोजपुर गाजियाबाद, मोहसीन और यामीन निवासी ढबारसी तथा रहीश निवासी नाहल थाना मसूरी गाजियाबाद के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक अरमान इस गिरोह का सरगना है।
एएसपी महेश कुमार ने बताया कि गिरोह के सदस्य दिन में पशुपालकों के ठिकानों की रेकी करते थे। रात में मौका मिलते ही पशुओं को चुरा लेते थे और बाद में पैंठ में बेचकर रुपये कमाते थे। गिरफ्तार आरोपी शातिर किस्म के बदमाश हैं। इनके खिलाफ हापुड़ और बुलंदशहर जिलों में चोरी, गैंगस्टर एक्ट और आर्म्स एक्ट के तहत करीब छह दर्जन मामले दर्ज हैं। पुलिस गिरोह के अन्य आपराधिक मामलों की भी जानकारी जुटा रही है।




