Hapur News : हापुड़ पुलिस कार्यालय में शनिवार को सुरक्षा प्रकोष्ठ की मासिक बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता एएसपी महेश कुमार ने की। बैठक का मुख्य उद्देश्य व्यापारिक प्रतिष्ठानों की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करना और अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण रखना था। इस दौरान व्यापारियों की समस्याओं को सुना गया और अपराध रोकने को लेकर उनके सुझाव भी लिए गए।
एएसपी महेश कुमार ने व्यापारियों से अपील की कि वे अपने प्रतिष्ठानों के प्रवेश द्वार, मुख्य परिसर और आसपास के क्षेत्रों में सीसीटीवी कैमरे अवश्य लगवाएं। उन्होंने कहा कि कैमरे लगाना जितना जरूरी है उतना ही उनका चौबीस घंटे सक्रिय रहना भी जरूरी है। सभी व्यापारी समय-समय पर कैमरों की कार्यप्रणाली की जांच करते रहें ताकि जरूरत पड़ने पर स्पष्ट फुटेज मिल सके।
एएसपी ने बताया कि सीसीटीवी कैमरे संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने में काफी मददगार साबित होते हैं। किसी भी आपराधिक घटना के बाद जांच में भी इनसे पुलिस को काफी मदद मिलती है, क्योंकि साफ फुटेज से आरोपियों तक पहुंचने में आसानी होती है। उन्होंने व्यापारियों से किसी भी संदिग्ध गतिविधि या सुरक्षा से जुड़ी समस्या की जानकारी तुरंत पुलिस को देने की अपील की और कहा कि अपराध रोकने के लिए पुलिस और व्यापारियों के बीच बेहतर तालमेल होना बेहद जरूरी है।





